February 15, 2026

अश्विनी चौबे ने एम्स देवघर के निर्माण कार्यों का लिया जायजा, दिसंबर के पहले सप्ताह से ओपीडी सेवा होगी बहाल

पटना। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को देवघर एम्स का निरीक्षण किया। वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके उपरांत निदेशक के साथ समीक्षा बैठक की। उसके बाद श्री चौबे ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह से यहां ओपीडी सेवा शुरू हो जाएगी। इसके लिए एम्स प्रशासन को निर्देशित किया गया है। इसका लाभ झारखंड के साथ ही सीमावर्ती बिहार और पश्चिम बंगाल के लोगों को भी मिलेगा। देवघर एम्स का निर्माण कार्य समय पर पूरा होगा। कोरोना महामारी की वजह से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि काम में किसी तरह की ढिलाई ना हो। फरवरी 2022 तक सभी निर्माण कार्य पूरे करने को निर्देशित किया। इस मौके पर अश्विनी चौबे यहां उपलब्ध होने वाले आधुनिक सुविधाओं से भी अवगत हुए।


उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश की स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में एम्स का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पौधरोपण करते हुए कैंपस एवं आसपास के क्षेत्रों में 1 लाख पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर उन्हें एम्स प्रशासन द्वारा रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम एवं एसटीपी प्लांट, आॅडियो-वीडियो के माध्यम से मरीजों को मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी दी गई। श्री चौबे ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकों से भी बातचीत की। उनका अनुभव जाना। इस मौके पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की। बता दें देवघर एम्स का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 मई, 2018 को किया था।

You may have missed