November 12, 2025

अभिनेता ऋषि कपूर का जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति : नीतीश

पटना। दो दिनों में दो बड़े अभिनेताओं ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक जताया है। अपने शोक संदेश में सीएम नीतीश ने कहा कि ऋषि कपूर के निधन से हिंदी सिनेमा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। ऋषि कपूर लंबे समय तक फिल्म प्रेमियों के दिलों पर छाये रहे। वे एक उत्कृष्ट एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे। ऋषि कपूर फिल्म अभिनेता के साथ-साथ फिल्म निर्माता और निर्देशक भी थे। वे बाल कलाकार के रूप में भी काम कर चुके थे। उन्हें उनकी पहली फिल्म में शानदार भूमिका के लिए 1971 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके एक दिन पूर्व बुधवार को इरफान खान का निधन हो गया था, वे कैंसर से पीड़ित थे।
बता दें फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर गुरुवार को मुंबई के एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। सांस लेने में दिक्कत और बुखार के कारण बुधवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे 67 साल के थे और ल्यूकेमिया यानी ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे।

You may have missed