अब जमुई में कन्हैया के काफिले पर फिर हमला, मीडियाकर्मियों से बाउंसर्स ने की बदसलूकी

जमुई। 30 जनवरी को बिहार के बेतिया से जन गण मन यात्रा पर निकले जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और सीपीआई नेता कन्हैया कुमार के काफिले पर अब जमुई के महिसौड़ी चौक पर एक बार फिर से हमला किया गया। कन्हैया के काफिले पर हमला उस वक्त हुआ जब वे परिसदन से नवादा जाने के लिए निकले थे। काफिले पर आक्रोशित लोगों ने अंडा और मोबिल फेंका। बताया जाता है कि इस घटना को स्थानीय युवकों द्वारा अंजाम दिया गया है। वहीं इस हमले के दौरान कन्हैया के बाउंसरों ने भी खूब हंगामा मचाया तथा कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों के साथ बदसलूकी की। इससे पूर्व सभा के दौरान भी कुछ युवकों ने कन्हैया के बोलने के दौरान विरोध किया था। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।
बता दें बिहार में कन्हैया के काफिले पर हमले का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले सुपौल, कटिहार, सीवान में भी उनके काफिले को निशाना बनाया गया था। बीते बुधवार को कन्हैया कुमार के काफिले पर सुपौल जिले के सदर थाना क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया था, जिससे उनके काफिले में शामिल दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। हालांकि, इस घटना में कन्हैया को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था, लेकिन एक चालक को हल्की चोट आई थी। इसके बाद कटिहार में भी उनके काफिले पर हमला किया गया था।

You may have missed