February 15, 2026

अनंत के समर्थन में मोकामा में गरजे तेजस्वी, कहा- तीर का जमाना गया, अब तो मिसाइल का जमाना है

पटना। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह पिछले विधानसभा की तरह इस बार भी जेल से ही विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि 2015 के चुनाव में अनंत निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन इस बार वे राजद के टिकट पर चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैं। जहां अनंत का मुकाबला जदयू के राजीव लोचन से है। रविवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह के समर्थन में मोकामा में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर अनंत सिंह की पत्नी और लोकसभा की पूर्व प्रत्याशी नीलम देवी मौजूद थी।
तेजस्वी ंने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश सरकार गरीबी दूर नहीं कर पाई और न ही पलायन रोक पाई। मोकामा की जनता ने तय कर लिया है कि नीतीश सरकार की विदाई तय है। उन्होंने वादा किया कि नियोजित शिक्षकों को समान काम के बदले समान वेतन की उनकी वर्षों पुरानी मांग को राजद की सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा।
तेजस्वी ने लोगों से सवाल करते हुए कहा कि आप चाहते हैं कि नहीं मोकामा में सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल बने। नीतीश कुमार कहते हैं कि लालटेन का युग चला गया, लेकिन उनको समझ नहीं आता है कि तीर का जमाना चला गया है अब तो मिसाइल का जमाना है। सरकार ने तो तीर से गरीबों, नौजवानों को छलनी किया है। बेरोजगारी के अंधेरे को दूर करने के लिए लालटेन जरूरी है।

You may have missed