लालू ने नाम गरीबों का लिया, लेकिन सरकार एके-47 वालों की चलती थी : मोदी

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर राजद पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने लालू-राबड़ी पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों का नाम लेकर लालू ने एके-47 वालों की सरकार चलायी, साथ ही उन्होंने लालू पर शहाबुद्दीन, सुरेंद्र यादव और राजबल्लभ जैसे बाहुबलियों को आउटसोर्स कर सत्ता देने की बात कही है।

उपमुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि लालू-राबड़ी ने लोकतंत्र की नयी परिभाषा गढ़ डाली थी। बिहार में इसे बाहुबलियों के द्वारा, बाहुबलियों के लिए और बाहुबलियों की सरकार माना जाने लगा था। उनकी पार्टी आज भी छात्रा से बलात्कार के मामले में अभियुक्त अपने विधायक को कानून की पकड़ से बाहर रखने में मदद कर रही है। लालू ने नाम गरीबों का लिया, लेकिन सरकार एके-47 वालों की चलती थी।

वहीं, एक अन्य ट्वीट में सुशील मोदी ने कहा है कि राजद ने अपने शासनकाल में शहाबुद्दीन, सुरेंद्र यादव, राजबल्लभ यादव जैसे बाहुबलियों को सत्ता आउटसोर्स कर दी थी। ये लोग गरीबों को डरा कर उनके वोट लूटते थे और फिरौती-अपहरण के करोड़ों रुपये के धंधे से पॉलिटिकल फंडिंग करते थे। उस दौर में बेखौफ अपराधी लक्जरी गाड़ियों की खिड़की से बंदूक की नाल निकाल कर दहशत फैलाते थे।