चंद्रयान 3 के सफलतापूर्वक लैंडिंग के लिए जमुई में यज्ञ: चार दिनों तक चलेगा अनुष्ठान, लोग कर रहे हैं पूजा-पाठ

जमुई। बिहार के जमुई जिले के नवडीहा गांव में चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर ग्रामीणों के द्वारा चार दिवसीय यज्ञ और हवन किया जा रहा है। जैसे ही ऑर्बिटर का संपर्क लैंडर से स्थापित हुआ लोगों में खुशी की झलक देखने को मिली। लोग लगातार मिशन चंद्रयान 3 पर नजर बनाए हुए हैं। एक तरफ जहां लोगों के द्वारा पूजा-पाठ किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ लोग पल-पल की खबर पर नजर बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया, मोबाइल फोन और टीवी का सहारा ले रहे हैं। लोगों का कहना हैं की जिस प्रकार मिशन चंद्रयान-3 अपने एक-एक पड़ाव को सफलतापूर्वक पार करते जा रहा है। ऐसे में हम पूरी तरह से सफल होंगे, इसकी सौ फीसद उम्मीद है। वैज्ञानिकों की मेहनत को बधाई हो और हमें यह पूरा विश्वास है कि इस बार भारतीय झंडा चांद की सतह पर बुलंदी के साथ लहराएगा। सत्यदेव आर्य ने कहा कि एक तरफ वैज्ञानिकों की मेहनत अपना काम कर रही है, दूसरी तरफ देश के करोड़ों लोगों की दुआएं हैं जो लगातार भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि यह मिशन पूरी तरह से सफल हो जाए। 23 को हम पूरी तरह से सफलतापूर्वक चांद की सतह पर लैंड भी करेंगे और इस मिशन को पूरा भी किया जाएगा।
