कैमूर में पारिवारिक कलह से परेशान होकर तीन बच्चों के संग कुएं में कूदी महिला, मौत से मचा कोहराम

  • महिला के पति को हिरासत में लेकर जांच में जुटी पुलिस

कैमूर। बिहार के कैमूर जिलें के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत पतरिया गांव में एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। यह घटना आज सुबह सात बजे की है। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। महिला ने जो तीन बच्चों को लेकर कुंएं में कूदकर जान दी है, उनमें दो लड़के और एक लड़की है। मृतक महिला रिंकू देवी पतरिया में आंगनबाड़ी सेविका का काम करती थी। उसकी उम्र 32 वर्ष बताई जा रही है। मृत बच्चों में सबसे बड़े बच्चे बलबीर की उम्र 8 वर्ष, दूसरी बच्ची हसीना की उम्र 6 साल और तीसरे बच्चे आर्यन की उम्र 4 साल है। मृतक महिला रिंकू देवी के पति अजय बिंद प्राइवेट गाड़ी चालक हैं। इस घटना की खबर मिलने के बाद ग्रामीण इकट्ठा हुए और सभी को पतरिया गांव के कुएं से निकाला। इसके बाद इस घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।

वही घटना के बाद गांव मे सनसनी फैल गई है। ग्रामीण कुंए के पास चप्पल देखकर पूरा माजरा समझ गए। उसके बाद शव निकालने में जुट गए। कुएं में इतना पानी भरा था कि शवों को बाहर निकालने में बड़ी मुश्किल हो रही थी। डीजल इंजन से पानी कुंए से निकाला गया। पानी कम होने के बाद कुंए से सभी चार शव बाहर निकाले गए। उसके बाद पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में महिला के पति को हिरासत में लिया गया है।

You may have missed