सिवान से राजद विधायक बच्चा पांडे के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी, चेक बाउंस से जुड़ा है मामला

सिवान। आरजेडी विधायक बच्चा पांडेय के खिलाफ गिरफ्तारी के लिए नॉन बेलेबल वारंट जारी किया गया है। यह वारंट उत्तराखंड के चंपावत जिले के सीनियर सिविल जज की ओर से जारी किया गया है। इस आदेश में चंपावत जिले के पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश में यह कहा गया है कि बच्चा पांडेय को गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया जाए। जानकारी के अनुसार धन सिंह नाम के एक कारोबारी ने बच्चा पांडेय के विरुद्ध चेक बाउंस का एक मामला दर्ज करा रखा है, जिसकी केस संख्या 119/2023 है. इसी मामले की सुनवाई करने के बाद चम्पावत जिला कोर्ट के सीनियर सिविल जज ने बच्चा पांडेय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। बता दें, बच्चा पांडेय सिवान जिला के बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। बताया जा रहा है कि धन सिंह का बच्चा पांडेय के साथ कारोबार का काम होता था। बच्चा पांडेय की एक निर्माण कंपनी है, जिसके लिए उसने धन सिंह से माल मंगवाया था। इस डील के लिए बच्चा पांडेय ने धन सिंह को नगद भुगतान के बदले चेक से पेमेंट किया था। जानकारी के अनुसार यह चेक बाउंस कर गया और इसी मामले में कोर्ट ने बच्चा पांडेय के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है।
