अब टूटी MP रविशंकर प्रसाद की नींद : फतुहा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
फतुहा। काफी दिनों से बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पटना के फतुहा प्रखंड के कई पंचायत के बाढ़ पीड़ितों की सुध लेने के लिए अब जाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद को सुझी। रविवार को रविशंकर प्रसाद ने प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया तथा हो रही परेशानियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रखंड के अलावलपुर, मानसींगपुर तथा मासाढी पंचायत के कई बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। मासाढी गांव में ग्रामीणों ने कररुआ व भुतही नदी पर जमींदारी बांध निर्माण करवाने की मांग की। साथ ही कररुआ नदी पर बने टूटे पुल की मरम्मत कराने की मांग की। वहीं अलावलपुर पंचायत में ग्रामीणों ने दरधा नदी की सीमा बांधने की मांग की। मानसींगपुर पंचायत के ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत सामग्री व पशु चारा की व्यवस्था करवाने की मांग की। पूर्व केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बाढ़ पीड़ित लोगों को जल्द ही हरसंभव मदद किए जाने का आश्वासन दिया तथा मौके पर पहुंचे अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितो की मांग को पूरा करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर पटनासिटी एसडीओ मुकेश रंजन, सिंचाई विभाग के एसडीओ, फतुहा बीडीओ धर्मवीर कुमार के साथ साथ भाजपा के पूर्व प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह, पूर्व मुखिया अरविंद सिंह, मुखिया प्रतिनिधि राकेश कुमार समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।


