मुजफ्फरपुर में जमीन व लेनदेन के पुराने विवाद में दो भाइयों में हिंसक झड़प, एक की मौत व सात लोग घायल

मुजफ्फरपुर । जिले के कथैया थाना के जसौली गांव में शनिवार को जमीन व लेनदेन के पुराने विवाद में दो सगे भाइयों के बीच हुर्ई हिंसक झड़प में एक की मौत हो गई।

मामले ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब एक पक्ष की महिला ने दूसरे पक्ष के एक पुरुष के मुंह पर थूक दिया। इसमें दोनों के परिवार के सात लोग घायल हो गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे व हथियार चलाए गए।

कोदई महतो (55) की पत्नी उर्मिला देवी ने देवर धनई महतो व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है। अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है। हालांकि, पुलिस ने एक पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार रजक ने बताया कि कोदई महतो के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा है। पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ चल रही है। गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

घटना के संबंध में उर्मिला देवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति कोदई महतो से देवर धनई महतो ने एक साल पहले 50 हजार रुपये उधार लिए थे। जब रुपये लौटाने के लिए कहा जाता था, तब धनई महतो व उसके परिजन जमीन का मुद्दा बनाकर जान से मारने की धमकी देते थे।

सुबह 10 बजे जब पति जसौली बाजार से लौट रहे थे तो धनई महतो की बहू किरण देवी ने मुंह पर थूक दिया। इसपर महिलाओं के बीच झड़प होने लगी। अचानक धनई महतो और उसके परिजन लाठी-डंडा लेकर घर पर आ धमके।

कोदई महतो सहित सभी लोगों की पिटाई की। इसी दौरान हमलावरों ने दबिया से वार कर दिया। लहूलुहान परिजन बेहोश हो गए। ग्रामीण घायलों को पीएचसी ले गए, जहां से सभी को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।

इलाज दौरान कोदई महतो की मौत हो गई। घायलों में एक पक्ष के सुबोध महतो, विनोद महतो व शोभा देवी और दूसरे पक्ष के धनई महतो, कांति देवी, अनिल महतो व चंदन महतो हैं।

About Post Author

You may have missed