February 20, 2026

खगड़िया में सड़क हादसा : वाहन ने बाइक पर 2 युवकों को कुचला, हुई मौत

खगड़िया। बिहार के खगड़िया में सड़क हादसा में दो लोगों की मौत हो गई। जिले के महेशखूंट थाना इलाके के एनएच-31 पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों युवक दुर्घटनाग्रस्त हो गए और दोनों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार एक युवक चौथम थाना इलाके का रहने वाला है, तो दूसरा परबत्ता थाना इलाके का निवासी है। दरअसल, खगड़िया जिले के महेंशखूंट थाना क्षेत्र के हरंगि टोल ढाला एनएच-31 पर 2 बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई। मृतक की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के जयप्रभा नगर निवासी 30 वर्षीय राजेश राम और परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर निवासी 20 वर्षीय टुनटुन सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद महेंशखूंट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

घटना के संबंध में महेंशखूंट थाना अध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे थाना क्षेत्र के हरंगी टोल एनएच 31 पर सड़क दुर्घटना में 2 युवकों की मौत हुई है। दोनों युवक बाइक पर सवार थे, जिनको किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वही थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मृतक युवकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

You may have missed