पटना में अटल पथ और गंगा पथ पर वाहन चेकिंग अभियान जारी, 347 गाड़ियों का कटा चालान
- स्टंट करके रील बनाने वालों की खैर नहीं : ट्रैफिक एसपी ने संभाला मोर्चा, रविवार को वसूल किए गए 6 लाख 40 हजार रुपये
पटना। राजधानी में पटना के गंगा पाथ वे और अटल पथ पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए 50 से अधिक ट्रैफिक के जवान, 3 डीएसपी के साथ ट्रैफिक एसपी खुद सड़क पर वाहनों की चेकिंग करते नजर आए। इस दौरान दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए, जहां लाखों रुपए की वसूली की गई। जांच अभियान के तहत तेज रफ्तार पहिया वाहन और रेसिंग बाइक का चालान काटा जा रहा है, जिसमें प्रत्येक दिन एक लाख रुपए से अधिक के चालान काटे जा रहे हैं। यह अभियान लगातार चलाया जाता रहेगा। पिछले 24 घंटे में पटना जिले में कुल 347 वाहनों का चालान काटा गया है, जिसमें 6 लाख 40 हजार 500 रुपए जुर्माना की राशि वसूल किए गए हैं। आठ वाहनों को जब्त कर करवाई की जा रही है। ट्रैफिक एसपी पूरण झा ने बताया कि प्रत्येक दिन अटल पथ और गंगा पाथ वे पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए तीन चेक प्वाइंट बनाए गए हैं। इसमें चार इंटर सेप्टर वाहनों को भी लगाया गया है, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर शिकंजा कसा जा सके इसके लिए स्थानीय थाने की पुलिस के साथ ट्रैफिक पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है।
जगह-जगह लगाए गए हैं सीसीटीवी कैमरे
गंगा पाथ वे और अटल पथ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस के गिरफ्त में तेज रफ्तार वाहन नहीं आ पाते थे। इसके लिए अटल पथ और गंगा पाथ वे पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि वैसे तेज रफ्तार वाहनों की पहचान कर करवाई की जा सके। शनिवार और रविवार को लोग रेसिंग बाइक से स्टंट करते नजर आते हैं। इसके लिए तीन डीएसपी, स्थानीय थाने की पुलिस और ट्रैफिक जवान की तैनाती की गई है। ताकि रेसिंग बाइक हेलमेट नहीं पहनने वालों पर कार्रवाई की जा सके।


