चाचा का भतीजा पर निशाना : चिराग किसके लिए आशीर्वाद मांगने हाजीपुर जा रहे
पटना। लोजपा (पारस) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व संसदीय दल के नेता पशुपति कुमार पारस ने शुक्रवार को पटना पहुंचने पर अपने भतीजे चिराग पासवान पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चिराग किसके लिए आशीर्वाद मांगने हाजीपुर जा रहे हैं। रामविलास पासवान के निधन के बाद पहली जयंती पर यात्रा निकालनी है तो उन्हें श्रद्धांजलि यात्रा करनी चाहिए। वह भी हाजीपुर से नहीं अपनी कर्मभूमि जमुई से। बता दें लोजपा दो गुटों में बंट गया है। जहां एक ओर चिराग पासवान हैं तो दूसरी ओर उनके चाचा पशुपति पारस। राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद चुनाव आयोग में अपना दावा ठोक कर पहली बार पटना आये।
इसके पहले पटना हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारस का स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में दावेदारी के बारे में पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है, इस पर टिप्पणी कोई नहीं कर सकता। बाद में पार्टी कार्यालय पहुंच कर पारस ने पार्टी नेताओं के अलावा दलित सेना के नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में रामविलास पासवान की जयंती पर कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए उन्होंने कई निर्देश दिये। राजद द्वारा जयंती मनाने के बारे में उन्होंने कहा कि सभी दलों को अधिकार है, उनकी जयंती मनाने का। इसे सियासत से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।


