कैमूर में अनियंत्रित ट्रक ने कई लोगों को रौंदा; दो की मौत, 6 से अधिक घायल
कैमूर। कैमूर जिले के मोहनिया शहर के सबसे व्यस्ततम माना जाने वाले चांदनी चौक पर तेज रफ्तार ओवरलोडेड ट्रक अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ते चली गई। जिसमें 2 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिसमें 3 लोगों की अभी भी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया पुलिस और दंगा नियंत्रण वाहन मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस के सहयोग से सभी घायलों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल मोहनिया भिजवाया गया। वहीं घटनास्थल पर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। चांदनी चौक पर दिन में बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री लगा हुआ है। नो एंट्री को लेकर एक सेकसन फोर्स की तैनाती की गई है, उसके बावजूद धान लदा ओवरलोड ट्रक कैसे आया यह तो जांच का विषय है, घटना के बाद थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बारे में मोहनिया के ग्रामीण तुलसी गुप्ता ने बताया कि रामगढ़ रोड की तरफ से ट्रक मोहनिया चांदनी चौक पर आ रहा था। जैसे ही वह ओवर ब्रिज से नीचे चांदनी चौक की तरफ उतरा उसका स्पीड कम नहीं हुआ और जो भी रास्ते में आया बाइक, टेंपो, रिक्शा, पैदल वाले सभी लोगों को रौंदते हुए भभुआ वाले रोड पर बढ़ गया। इसके चपेट में आने से चांदनी चौक के नीचे एक व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत हो गई है।

वहीं मुंडेश्वरी गेट पार करने के बाद भभुआ रोड में दूसरे व्यक्ति को रौंदा जिससे उसकी भी मौत हो गई है। छह की संख्या में घायल अस्पताल पहुंचे हैं। जिसमें 3 लोगों की स्थिति सीरियस है, दो को हायर सेंटर वाराणसी रेफर किया जा चुका है। मोहनिया थाना अध्यक्ष ललन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मोहनिया शहर के चांदनी चौक के पास हम पहुंचे तो लोगों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार से जिसका ब्रेक फेल हो जाने के कारण बाइक, ई रिक्शा को टक्कर मारते हुए आगे जाकर रुक गई। जिसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत हो गई है और लोग अस्पताल पहुंचे हैं।

