सीतामढ़ी : दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम; बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत
सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भबदेपुर पंचायत के इस्लामपुर गांव में शुक्रवार को हो रही भारी वर्षा के दौरान दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद गांव में चीख पुकार मची हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, भबदेपुर पंचायत के इस्लामपुर गांव वार्ड नंबर 9 निवासी मोहम्मद हासिम शाह के 9 वर्षीय पुत्री जैनब खातून, पांच वर्षीय पुत्र मोहम्मद इनायत व दो वर्षीय पुत्र मोहम्मद फैजान बारिश के दौरान घर के समीप खेल रहा था। मां भैंस चराने सरेह चली गई थी। इसी बीच पुराना जर्जर दीवार बच्चों के शरीर पर गिर पड़ा, जिसमें दबकर तीनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मासूम बच्चे के पिता मोहम्मद हासिम शाह हाल ही में दूसरे प्रदेश में काम करने के लिए गया है। सभी पुत्र एवं पुत्री मां के साथ घर पर ही रहा करती थी।
ज्ञात हो कि हाशिम शाह को 4 पुत्र एवं दो पुत्री है। जिसमें 2 पुत्र एवं एक पुत्री की जान दीवार में दबने से हो गई। जबकि अन्य बच्चे दूसरे जगह खेल रहे थे। घटना की सूचना पर स्थानीय थाना अध्यक्ष संजय कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंच मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत

वहीं एक अन्य घटना में जिले के नानपुर प्रखंड के बासोपट्टी में एक 35 वर्षीय नौजवान की मौत बाढ़ के पानी में डूबने से हो गयी है। स्थानीय लोगों की माने तो कोइली पंचायत से बासोपट्टी गांव तक जाने बॉली 2.5 किमी लंबी सड़क पर हर साल मिट्टीकरण कराया जाता है लेकिन उस पर न तो पुल बनाया जाता है और न ही सड़क का पक्कीकरण होता है। अगर सड़क पुल बन गया होता तो शायद बासोपट्टी के 35 वर्षीय बशीर की मौत आज डूबने की वजह से नहीं होती।

