February 21, 2026

भोजपुर में हुआ दर्दनाक हादसा, आग लगने से बच्ची की गई जान, मां समेत 3 अन्य घायल

भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में एक घर में आग लगने से मां-बेटी समेत पांच लोग गंभीर झुलस गए। जिसमें से एक किशोरी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना में मृत किशोरी की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव निवासी राजेश राम की 12 वर्षीय बेटी काजल कुमारी के रूप में की गयी है। वहीं, अन्य सभी सदस्यों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है। घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव की है। घटना के संबंध में मृत किशोरी के दादा सुरेंद्र राम ने बताया कि रविवार रात बहू रचना देवी अपने चारों बेटा-बेटी के साथ घर में बोरसी पर आग ताप रही थी। घर के जमीन पर पुआल बिछा हुआ था। आग तापने के बाद रचना सभी बच्चों के साथ वहीं सो गई। इसी दौरान जमीन पर बिछे हुए पुआल में आग आग पकड़ लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के जब लोगों ने घर से धुंआ निकलते देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू किया।

घर से धुआं निकलता देख सुरेंद्र राम के परिवार के अन्य सदस्य हड़बड़ा कर उठे। ग्रामीणों के सहयोग से आग को बुझाया गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय काजल कुमारी ने दम तोड़ दिया। वहीं, रचना देवी, शिवम कुमार, सत्यम कुमार एवं कल्पना कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। परिजनों ने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। घटना के बाद से परिजनों के बीच कोहराम मच गया। घटना के बाद मृत किशोरी के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may have missed