February 24, 2026

बेतिया में 5 धुर जमीन के लिए दबंगों ने महिला को पीट-पीटकर मार डाला, पुलिस ने केस किया दर्ज

बेतिया। बिहार के बेतिया में दबंगों ने 5 धुर जमीन के लिए एक महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना मझौलिया थाना क्षेत्र की अहवर कुड़िया पंचायत के वार्ड नंबर 3 की है। बताया गया कि बुधवार की शाम दबंग महिला के पति को पीट रहे थे। बीच-बचाव करने गई उसकी पत्नी को भी जमकर पीट दिया। परिजनों ने आनन-फानन में इलाज के लिए बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, अस्पताल नाका थाना प्रभारी श्याम किशोर प्रसाद ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जा रहा है। मृतक महिला की पहचान मझौलिया के अहवर कुड़िया पंचायत के वार्ड नं 3 निवासी रामलगन शर्मा की 35 वर्षीय पत्नी शिवमती देवी के रूप में हुई है। पति रामलगन शर्मा ने बताया कि गांव के ही किशोरी शर्मा से पूर्व से पांच धुर जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वे लोग दबंग आदमी हैं। हमेशा मेरे और मेरे परिवार के लोगों को मारते पीटते हैं। इन लोगों से पूर्व से केस चल रहा है। इसके बावजूद किशोरी शर्मा अपने सहयोगी पुलिस शर्मा, योगी शर्मा और बालदेव ठाकुर के साथ बुधवार की देर शाम उसके घर में लाठी-डंडे से लैस होकर घुस गए, मारने लगे। मारपीट के दौरान पत्नी बचाने आई तो सभी उसे मारने पीटने लगे। जब वह बेहोश हो गई तो छोड़कर भाग गए। इसके बाद सहयोगियों के साथ पत्नी को इलाज के लिए बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में इंस्पेक्टर सह मझौलिया थाना अध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र की अहवर कुड़िया पंचायत के वार्ड नंबर तीन में किशोरी शर्मा और रामलगन शर्मा के बीच 5 धुर जमीन के लिए पूर्व से विवाद चल रहा है। किशोरी शर्मा द्वारा पूर्व में भी रामलगन शर्मा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

You may have missed