बढ़ते अपराध को लेकर तेजस्वी ने फिर नीतीश को घेरा, कहा- सरकार करवा रही निर्दोषों की हत्या

पटना। बिहार में मानसून सत्र समाप्त हो चुका है। वही मानसून सत्र के समाप्त होने से ठीक पहले बिहार पहुंचे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भले ही सदन में उपस्थित नहीं हो लेकिन एक बार फिर उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नीतीश के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार पर जमकर हमले किए हैं। शनिवार को एक बार फिर तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर नीतीश सरकार पर हमला किया और कहा कि राज्य में अब खुद राज्य सरकार ही राज्य के निर्दोष लोगों की हत्या करवा रही है। तेजस्वी आए दिन ट्विटर पर क्राइम बुलेटिन जारी कर सरकार को घेरते हैं। एक बार फिर तेजस्वी ने बीते दिन हुई दो बड़ी घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा है। बीते दिन बिहार में अपराधियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। दिनदहाड़ पूर्णिया में ज्वेलरी शोरुम से अपराधियों ने करीब 20 करोड़ के गहने की लूट की। वहीं बीते दिन ही बिहार में पुलिस का अमानवीय चेहरा भी सामने आया। पुलिस ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई की। पुलिस ने युवक को इतना पीटा की इसकी पेट की आंत बाहर आ गई। जिसके बाद से विपक्ष बिहार सरकार को घर रही है। इसी कड़ी ने तेजस्वी यादव ने ट्विट कर कहा कि, पूर्णिया में ज्वेलरी शोरूम से सरकारी लुटेरों ने 20 मिनट में 2 करोड़ लूट लिए। सीतामढ़ी के पुपरी में पुलिस की वर्दी में पुलिस के गुंडों ने फ़ुरक़ान शेख को अकारण इतना पीटा कि उसकी पेट की आँत बाहर आ गयी। उन्होंने कहा कि, नीतीश सरकार और उनकी भ्रष्ट पुलिस लुटेरों, अपराधियों, शराब माफिया और गुंडों को संरक्षण देती है तथा निर्दोष लोगों की हत्या करती है। बिहार में मुख्यमंत्री की अक्षमता एवं अरुचि तथा प्रशासनिक अराजकता के कारण चहुंओर लूट, नकारापन, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। कहीं कोई अधिकारी किसी की सुनने वाला नहीं है। तेजस्वी अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बिहार सरकार पर हमलावर रहते हैं जिसके कारण सत्ता पक्ष के लोग उन्हें जनता का नहीं बल्कि सोशल मीडिया का नेता करार देते हैं वहीं तेजस्वी भी अपने पोस्ट के माध्यम से जनता को यह बताने का प्रयास करते हैं बिहार में अपराध अपने चरम पर है।
