February 11, 2026

बिहार में अचानक बदला मौसम; आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी, गर्मी से मिलेगी राहत

पटना। बिहार में भीषण गर्मी का कहर जारी है। हालांकि मौसम में बदलाव के संकेत भी मिलने लगे हैं। राज्य के दक्षिण मध्य और दक्षिण पश्चिम भाग में गुरुवार को बादलों की आवाजाही रही। गया, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में बूंदाबांदी भी हुई, जिससे हीटवेव से हल्की राहत मिली है। इन जगहों पर गरज-तड़क की स्थिति कुछ देर के लिए बनी। देर शाम मौसम विभाग ने गया और औरंगाबाद में आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया। जिसके बाद भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच अब लोगों को राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अब तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं होगी और मौसम का मिजाज बदलेगा। शुक्रवार से बारिश के आसार जताए गए हैं। आज से कई जिलों को राहत मिल सकती है। सूबे के 10 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना बन रही है। वही अभी पछिया हवा का प्रवाह भीषण तपिश का कारण बना हुआ है। लेकिन अब इसका प्रभाव घटेगा और पूरवा हवा चलने से लोगों को राहत मिलेगी। हीट वेब ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है उससे राहत मिलेगी। वहीं कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश शुक्रवार से हो सकती है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सारण, सीवान के अलावा दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, मधुबनी, वैशाली और सीतामढ़ी व शिवहर समेत कई अन्य इलाके हैं। वही अगले एक-दो दिनों में राज्य के कई जिलों में तपिश और भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान के नीचे आने में अभी तीन-चार दिनों का समय लग सकता है। इससे पहले दोपहर तक लगातार दूसरे दिन पटना सहित 25 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। 43.3 डिग्री के साथ पटना और शेखपुरा राज्यभर में सर्वाधिक गर्म रहा। पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री ऊपर है, जबकि शेखपुरा में सामान्य से 6.1 डिग्री ऊपर है। मौसम विभाग ने औरंगाबाद और गया जिले के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जतायी थी। मौसम को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे सतर्क और सावधान रहें।

You may have missed