नालंदा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर गड्ढे में गिरा, 3 लोगों की दर्दनाक मौत
नालंदा। बिहार के नालंदा में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर हादसे का शिकार हो गया। दरअसल चंडी थाना क्षेत्र के सरमेरा बिहटा पथ के गौढ़ापर गांव के पास एक ट्रैक्टर 20 फीट गड्ढे में जा गिरा, जिसमें सवार 3 लोगों की दबकर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सभी लोग मानपुर के ईंट भट्ठा से ट्रैक्टर पर ईंट लोड कर पहुंचाने जा रहे थे, तभी ईंट लदा ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क किनारे पुल से निचे गड्ढे में जा गिरा। जैसे ही ग्रामीणों की नजर इन पर पड़ी सभी लोग बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोगों की दबकर मौत हो गई। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मृतक में एक युवक की पहचान मानपुर थाना क्षेत्र पेढका गांव निवासी रामाधीन प्रसाद का पुत्र मुकेश कुमार जबकि एक मृतक ट्रैक्टर चालक का पुत्र बताया जाता है। वहीं, एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान में जुटी है। घटना के संबंध में चंडी के प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस शव को कब्ज़े में लेकर पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना सुबह सवेरे की बताई गई है।


