समस्तीपुर : फरार सुपारी किलर के साथी सोनू शर्मा को पुलिस ने दबोचा, पूछताछ में किए कई बड़े खुलासे

वारिसनगर(समस्तीपुर)। पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाले सुपारी किलर मो. चांद के साथी सोनू शर्मा को पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। सोनू को उसके घर पर छापेमारी कर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में सोनू ने कई लूटकांड व अन्य मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

बता दें कि पिछले 28 अप्रैल को मथुरापुर घाट पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने कुख्यात मो. चांद को जब वाहन चेकिंग के दौरान दबोचा था उस समय सोनू भी उसके साथ था। लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया था। बाद में मो. चांद भी रोसड़ा स्थित कोविड अस्पताल से भाग निकला था। बताया जाता है कि दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी।
दोनो के ठिकाने पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। मिली जानकारी के अनुसार  शुक्रवार रात सदर डीएसपी प्रतीश कुमार के नेतृत्व में  मथुरापुर ओपी प्रभारी सजंय कुमार सिंह ने मो चांद के साथी रहिमाबाद गांव निवासी सुरेश शर्मा के 26 वर्षीय पुत्र सोनू शर्मा उर्फ सोनू की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानो पर छापेमारी की थी। उसी क्रम में ताजपुर व बंगरा पुलिस के सहयोग से उसे बंगरा थाना के रहिमाबाद गांव स्थित उसके घर से दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद मथुरापुर ओपी में हुई पूछताछ में उसने मुक्तापुर में हुई लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

उसने पुलिस को बताया कि लूट में उसने लाइनर का काम किया था। मो. चांद के साथ चार सहयोगियों ने लूट की उस घटना को अंजाम दिया था। एक चाय दुकान पर रुककर वह सभी सहयोगियों को जानकारी दे रहा था। जब भीड़ जुटी तो वह वहां से खिसक गया था। उस लूट में उसे 10 हजार रुपये हिस्सा में मिला था। उसने पुलिस को बताया कि वह चांद के लिए लाइनर का काम करता था।

About Post Author

You may have missed