इंडिया गठबंधन का दम भरने वाले मुख्यमंत्री बिहार में खुद चुनाव जीत कर दिखाएं : चिराग पासवान

- चिराग का नीतीश को चैलेंज: 2019 में एनडीए ने 39 सीटें जीती थी, इसबार हम उनकी जमानत जब्त करवा देंगे
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उत्तर प्रदेश के फूलपुल से लोकसभा का चुनाव लड़ने की चर्चा को लेकर बिहार में सियासत तेज है। इसी बीच लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जमुई से सांसद चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बड़ा चैलेंज दे दिया है। उन्होंने कहा है कि बिहार के लोगों ने नकार दिया है इसलिए दूसरी जगह ठिकाना तलाश कर रहे हैं। चिराग पासवान ने बड़ा चैलेंज देते हुए कहा है कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में हिम्मत है तो वे बिहार की किसी भी सीट से चुनाव लड़ कर दिखा दें, उन्हें सच्चाई का पता चल जाएगा। नीतीश कुमार को बिहार की जनता ने नकार दिया है इसलिए वे बिहार से बाहर जगह तलाश रहे हैं। बिहार में किसी पार्टी के पास कोई विजन नहीं है। बिहार के युवा राज्य की सत्ता पलटने वाले हैं। एनडीए ने 2019 के लोकसभा चुनाव में 40 में से 39 सीटों पर जीत हासिल किया था लेकिन इसबार 40 में से 40 सीट जीतेंगे। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यह कहने पर कि उन्हें कुछ नहीं बनना है, इसपर चिराग ने कहा है कि इंडिया गठबंधन का ही कुछ नही बनने वाला है। इंडिया का जो तथाकथित गठबंधन है, इसमें ये लोग देश का नाम राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। गठबंधन में सिर्फ विरोधाभाष दिख रहा है। जिस गठबंधन की नीति नहीं उस गठबंधन को जनता स्वीकार नही करेंगी। वहीं उन्होंने सात निश्चय योजना को बिहार का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार बताया है।
