पटना समेत पुरे बिहार में कड़ाके की ठंड का कहर जारी, तापमान गिरने से शीतलहर से लोग परेशान

पटना। राजधानी समेत प्रदेश में बीते तीन दिनों से ठंड का प्रकोप बना है। नव वर्ष के पहले दिन पटना समेत प्रदेश के पूर्णिया, भागलपुर, गया में घना कोहरा छाया रहा। सुबह 11 बजे के बाद हल्की धूप निकली लेकिन देर शाम होते हीं ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा। पटना, पूर्णिया, भागलपुर में दृश्यता 50-100 मीटर के बीच दर्ज की गई। पटना में 50 मीटर दृश्यता होने से विमान व यातायात सेवा प्रभावित रही। मौसम विज्ञानी की मानें तो मध्य भारत में बने प्रतिचक्रवात और दो तरफा हवा के कारण मौसम में बदलाव होने से कनकनी भरी ठंड से लोग परेशान है। नमी युक्त बर्फीली हवा के कारण ठंड में वृद्धि हो रही है। इसके कारण तापमान पर भी असर पड़ा है। रविवार को राजधानी के अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट के साथ 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के गया 7.3 डिग्री सेल्सियस के साथ गया सबसे ठंडा रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सूबे में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी समेत प्रदेश के गया, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, शेखपुरा, खगड़िया, भागलपुर, सबौर, बांका, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल, फारबिसगंज जिले के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं अन्य जिलों के तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश के गया, औरंगाबाद, सिवान, पटना, नवादा, शेखपुरा, बांका, सबौर, खगड़िया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, किशनगंज जिले का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।
पटना जू में जानवरों और पक्षियों के लिए किये गये खास इंतजाम
मौसम की बेरुखी को देखते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान पटना के जानवरों और पक्षियों के लिए खास इंतजाम किया गया है। उद्यान प्रशासन जानवरों की देखभाल और उनके खान-पान पर विशेष ध्यान रख रहा है। बाघ के नाइट हाउस में हीटर लगाए गए हैं। वहीं बच्चों का प्यारा जानवर चिंपांजी को कंबल दिए गए हैं। इसके अलावा शेर, तेंदुआ, भालू, छोटी बिल्ली के नाइट हाउस में भी हीटर लगाए गए हैं। ठंड से बचाने के उद्येश्य से इन जानवरों के बैठने और सोने के लिए लकड़ी का बिस्तर भी दिया गया है। इन जानवरों के केजों में गर्मी बनी रहे, उसके लिए फूस के टाट लगाए गए हैं। सांपघर में सांपों को गर्मी पहुंचाने के लिए अधिक वाट के बल्ब और कंबल की सुविधाएं दी गई है। ताकि विशेष तापमान पर रखा जा सके। चितल, संघाई, बारहसींघा, सांभर, बारहसिंगा के केज में पुआल के बिस्तर लगाए गए हैं। इसके नाइट हाउस में हवा को रोकने के लिए फूस की छतरी लगाई गई है। जानवरों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हीटर, कंबल, फूस के टाट के साथ खानपान प्रोटीनयुक्त दिए जा रहे हैं। चिड़ियाघर में बाघ को ठंड से बचाने के लिए बाड़े के बाहर हीटर लगाया गया।
पटना के सभी स्कूल सात जनवरी तक बंद
पटना में बढ़ रही ठंड को देखते हुए रविवार की रात पटना के जिलाधिकारी ने फिलहाल 7 जनवरी तक आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। फिलहाल आदेश 7 जनवरी तक के लिए है, लेकिन आशंका है कि तारीख और बढ़ेगी क्योंकि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 13 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से 9 डिग्री के बीच रह सकता है। पटना डीएम के आदेश के साथ ही बिहार के सभी जिलों में स्कूलों में छुट्टी का ऐसा ही आदेश अमूमन जारी हो जाता है।

About Post Author

You may have missed