November 15, 2025

सासाराम : 60 लाख रुपये की हेराफेरी करने के आरोप में नगर परिषद की मुख्य पार्षद कंचन देवी गिरफ्तार

सासाराम। सासाराम नगर परिषद की मुख्य पार्षद कंचन देवी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। उन पर 60 लाख रुपये की हेराफेरी करने का आरोप है। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।

बता दें कि डीएम के निर्देश पर कंचन देवी पर जनवरी व अप्रैल में दो एफआईआर दर्ज कराए गए थे। पहली एफआईआर जनवरी में बुडको के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार ने दर्ज कराई थी, इसमें वार्ड नंबर 24 में अन्य योजनाओं से पूर्व में कराए गए कार्य के बाद भी उसी योजना का चयन करके बिना कार्य कराए साढ़े सात लाख रुपये की निकासी की गई थी, जिसमें बुडको के सहायक अभियंता का फर्जी हस्ताक्षर करके राशि की निकासी की गई थी।

वहीं दूसरी एफआईआर डीएम के आदेश पर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद ने एक मार्च को कराई थी। मुख्य पार्षद के वार्ड 11 में सात योजनाओ पर बिना कार्य कराए 58 लाख रुपये की निकासी करने का आरोप है। इसमें विधायक मद से कार्य कराने के बाद नगर पंचायत की योजना से बिना कार्य कराए राशि की निकासी गई थी।

एसपी आशीष भारती ने कहा कि घोटाले की आरोपित मुख्य पार्षद कंचन देवी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। कई ठिकाना बदलने के कारण उनकी गिरफ्तारी में कुछ विलंब हुई है। पुलिस टीम लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही थी।

You may have missed