December 8, 2025

वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज की मौत की उड़ी अफवाह, आश्रम पहुंचने लगे भक्त

मथुरा। वृंदावनवासी संत प्रेमानंद महाराज के गोलोकवासी होने की अफवाह रविवार देर रात से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगी। खबर उनके अनुयायियों को मिली तो काफी संख्या में वह उनके आश्रम के बाहर एकत्र हो गए। आश्रम प्रबंधन ने प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ होने की पुष्टि की, तब अनुयायियों ने राहत की सांस ली। श्रीहित प्रेमानंद महाराज का आश्रम राधा निकुंज वृंदावन के रमणरेती मार्ग पर है। उनके देश भर में लाखों की संख्या में अनुयायी हैं। करीब डेढ़ दशक से उनकी दोनों किडनी खराब हैं, उनकी नियमित डायलिसिस होती है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनसे आशीर्वाद लेने के लिए क्रिकेटर विराट कोहली पत्नी अनुष्का के साथ पहुंचे थे। ये वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, तो बड़े-बड़े लोग उनसे आशीर्वाद लेने आने लगे। प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए रात दो बजे ही वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालु जुटने लगते हैं। वह अपने आश्रम से शिष्यों के साथ पैदल परिक्रमा को प्रतिदिन निकलते हैं, इससे पहले ही सड़कों पर उनके दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में अनुयायी पहुंच जाते हैं। मूलरूप से कानपुर नगर के रहने वाले प्रेमानंद जी महाराज कई वर्षों से वृंदावन में ही वास कर रहे हैं। पूर्व में वह पूरे ब्रज में घूमकर मधुकरी (भिक्षा) करते थे। मधुकरी में जो प्रसाद मिलता, उसी का सेवन करते थे। उनके प्रवचन आजकल इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहे हैं।

You may have missed