फतुहा : नाले पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने अपनाया कड़ा रुख, दिया अल्टीमेटम

फतुहा। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर नगर प्रशासन ने नाले पर की गई अतिक्रमण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को नगर प्रशासन के आला अधिकारी समसपुर स्थित वार्ड संख्या 3 व 4 पहुंच कर जायजा लिया। इस दौरान पाया कि नाले पर कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिसकी वजह से वहां पर डोडा के द्वारा वर्ष 2012-13 में बनी नाले की सफाई अब तक नहीं हो सकी है। कार्यपालक पदाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों को नाले की सफाई को लेकर नाले के उपर से अतिक्रमण को हटा लेने की अपील की है। उन्होंने अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
दरअसल मामला यह है कि वार्ड 3 व 4 के मुहाने पर नाले की सफाई नहीं होने की वजह से सड़क किनारे नाले की पानी वर्षों से जमा थी। लोग इसी नाले के पानी में आने-जाने को मजबूर थे। दोनों वार्ड के पार्षद नगर निकाय से लेकर नगर विकास विभाग तक शिकायत दर्ज करा रखे थे। कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार के मुताबिक नाले पर से अतिक्रमण हटते ही पूरे नाले की सफाई करा जलजमाव की समस्या को दूर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे शहर की नाले की सफाई का आदेश प्राप्त हुई है।

You may have missed