प्रदेश के चार जिलों में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी, पटना में भी होगी हल्की बारिश

पटना। राजधानी समेत प्रदेश में बीते तीन दिनों से रुक-रुक हो रही वर्षा से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। मौसम सुहाना हो गया है। बुधवार को पटना समेत आसपास व अन्य जिलों में सुबह से ही मानसून मेहरबान बना रहा। धूप छांव के बीच रुक-रुक कर कभी तेज, कभी मध्यम वर्षा तो कभी फुहार होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, पटना समेत 20 जिलों में झमाझम वर्षा हुई। गुरुवार को प्रदेश के चार जिले किशनगंज, अररिया, मधुबनी और सीतामढ़ी में झमाझम वर्षा के आसार हैं। पटना में मेघ गर्जन व हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटों में मुजफ्फरपुर, वैशाली में वर्षा को लेकर रेड अलर्ट, गोपालगंज, सारण, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी में आॅरेंज अलर्ट व शेष जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटना समेत 16 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। 32.5 डिग्री सेल्सियस के साथ वाल्मीकि नगर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान व 28.1 डिग्री सेल्सियस पटना का तापमान दर्ज किया गया।
