पटना में खतरनाक हुई टेम्पो की सवारी : कोटा से आयी महिला से नशाखुरानी गिरोह ने किया बारी-बारी से दुष्कर्म, एफआईआर दर्ज, दो गिरफ्तार

- तीन वर्षीय बच्ची को जान मारने का भय दिखाकर चार लोगों ने किया दुष्कर्म, बाइक पर बैठा फोरलेन पर छोड़ा
फतुहा। राजस्थान के कोटा से पटना आयी महिला को नशाखुरानी का शिकार बनाने वाले चार लोगों ने उसके तीन वर्षीय बच्ची को जान मारने का भय दिखाकर बारी बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला को एक बदमाश ने बाइक पर बैठा फोरलेन पर छोड़ दिया। आखिरकार पुलिस ने महिला की बरामदगी के 24 घंटे बाद पीड़ित महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा इस घटना के आरोप में शामिल चार बदमाशों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह प्राथमिकी कांड संख्या 718/21 के तहत दर्ज कर शेष दो लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
प्राथमिकी के अनुसार महिला ने बताया कि वह मोतिहारी की रहने वाली है तथा वह अपने पति के साथ राजस्थान के कोटा में रहती है। वह कोटा से अपने तीन वर्षीय बच्ची के साथ ट्रेन द्वारा बीते 16 सिंतबर को सात बजे शाम में पटना पहुंची। पटना जंक्शन से बाहर निकलकर बस स्टैंड जाने के लिए हरा-पीला रंग वाली टेम्पो पर सवार हुई। उस टेम्पो पर चालक के अलावे दो लोग और बैठे थे, जो गर्मी अधिक करने की बात करते हुए उसके मुख पर रुमाल झाड़ दिया। टेम्पो में ही वह अचेत हो गई। 17 सितंबर को सुबह पांच बजे जब होश आया तो देखी कि वह परसा सुडीहा गांव के बीच एक फर्टिलाइजर दुकान में है और उसकी बच्ची भी बेहोश है। वहां टेम्पो पर सवार दो लोगों के अलावे दो और लोग भी थे। सभी उसके बच्ची को जान का भय दिखाकर एटीएम कार्ड ले लिया तथा एटीएम पिन भी पूछ लिया।
महिला ने बताया कि चारों लोग उसको बच्ची के साथ वहीं छोड़कर पैसा निकालने चले गए। उनलोगों ने एटीएम से बीस हजार चार सौ रुपये निकाल लिए। इसके बाद सभी आरोपी उस दुकान पर पहुंचे तथा बच्ची को जान मारने की धमकी देते हुए उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि तीन दिन बंधक बना कर रखने के बाद बीते 18 सितंबर की रात 12 बजे के बाद एक बदमाश जिसका नाम मणि बताया गया है, बाइक से फोरलेन पर लाकर छोड़ दिया। महिला के अनुसार उसके साथ दुष्कर्म व लूटपाट करने वालो में मणि, पंकज, संतोष और सोनू है, जो आपस में बातचीत करने के दौरान सुना। पुलिस ने सोतीचक से सोनू व दरियापुर गांव से पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी राजेश कुमार मांझी के मुताबिक मणि व संतोष फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उनके अनुसार महिला का 164 का बयान भी दर्ज कराया जा रहा है।
