December 6, 2025

बिहार के कई जिलों में हुई बारिश व ओलावृष्टि, सड़क पर बिछी सफेद चादर, ठनका गिरने से दो की मौत

पटना। बिहार में बुधवार की सुबह एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रवेश करने और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी की वजह से मौसम में बदलाव हुआ है। इसका असर 14 जनवरी तक रहने की संभावना है। पटना में सुबह 8:20 बजे और फिर शाम में मध्यम बारिश हुई। इसके अलावा सीतामढ़ी, वैशाली, लखीसराय, जहानाबाद, पूर्णिया और बेगूसराय समेत कई इलाके में सुबह साढ़े आठ बजे से ही रुक-रुककर बारिश होती रही। वहीं बेतिया और वैशाली में ठनका गिरने से महिला समेत दो की मौत हो गई और एक महिला की मौत ठनका के आवाज के कारण हो गई। जबकि दो मजदूर ठनका की चपेट में आन से घायल हो गए हैं।


औरंगाबाद : सड़क पर बिछ गई सफेद चादर
वहीं औरंगाबाद जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ पड़े ओलों के कारण सड़क पर सफेद चादर बिछ गई। देव, अम्बा और मदनपुर में जमकर ओलावृष्टि हुई। काफी समय तक यहां ओले पड़े। इस वजह से कुछ देर के लिए भगदड़ मच गई। ओलावृष्टि होने के दौरान तेज आवाज हुई, जिससे लोग सहम गए। देव सूर्य मंदिर से लेकर आस-पास के बड़े हिस्से में यह ओलावृष्टि हुई है। इसके कारण काफी नुकसान भी हुआ है। ओलावृष्टि के बाद लगभग एक फीट तक इसका ढेर लग गया। स्थानीय लोग भी इस तरह की ओलावृष्टि देखकर हैरत में पड़ गए।
बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसल को नुकसान
आरा में भोजपुर के सहार इलाके में काफी ओले पड़े। सासाराम में दावथ व कोचस प्रखंड में बुधवार की दोपहर में बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों ने बताया कि अचानक बदले मौसम के कारण रबी, दलहन, तोरी, मटर, मसूर, आलू, सहित रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि जिले के अन्य प्रखंडों में बारिश नहीं हुई है।
ठनका गिरने से महिला समेत दो की मौत
बेतिया में पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के परसा गांव से पूरब सरेह में ठनका गिरने से महिला की मौत हो गई। दो मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूर मुकेश महतो और दीपक बैठा गांव से पूरब सरेह में ट्रैक्टर पर गन्ना लोड कर रहे थे। इसी दौरान ठनका उनके शरीर पर गिर गया, जो गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। जबकि परसा गांव के ही विश्वनाथ साह की पत्नी कलावती देवी (55) की ठनका की आवाज से मौत हो गयी है। घटना को लेकर गांव में शौक का माहौल है। वहीं वैशाली जिले के बिदुपुर के बाजितपुर सैदात पंचायत के गोविंदपुर निवासी शेखर सिंह के ऊपर ठनका गिरने से मौत हो गई। घटना तब हुई जब वे पलानी में सोए थे, परिजनों ने घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी है।

You may have missed