प्रदेश के 9 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट, चलेगी तेज हवाएं, गर्मी से मिलेगी राहत

पटना। बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है, जिससे भीषण गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिल सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश का असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिलेगा।
तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट
रविवार की शाम से ही मौसम में बदलाव का असर महसूस किया जाने लगा था। ठंडी हवाएं चलने लगीं और वातावरण में नमी महसूस की गई। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 8 अप्रैल को पटना समेत 9 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 10 और 11 अप्रैल को प्रदेश के 32 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी से मौसम में असर
मौसम में हो रहे इस बदलाव के पीछे असम और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र को कारण बताया जा रहा है। इसका प्रभाव बिहार के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। अगले 3 से 4 दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है। बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि बारिश और हवाओं के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखने को मिल सकती है। बीते 24 घंटे में गोपालगंज सबसे गर्म जिला रहा, जहां का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सबसे कम 16.4 डिग्री मधेपुरा में रिकॉर्ड किया गया है।
किसानों के लिए विशेष चेतावनी
मौसम में आए इस बदलाव का असर फसलों पर भी पड़ सकता है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। किसानों से कहा गया है कि यदि उनकी फसल कटाई के लिए तैयार है, तो जल्द से जल्द कटाई और दौनी का काम पूरा कर लें। इसके अलावा फसलों को सुरक्षित स्थान पर ढंककर रखने की सलाह दी गई है ताकि बारिश और आंधी से नुकसान न हो।
गर्मी से राहत के संकेत
इस मौसम परिवर्तन से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण आमजन परेशान थे, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी नरमी के संकेत हैं। हालांकि इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी खतरा बना रहेगा, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।

You may have missed