PATNA : निलंबित DTO के फ्लैट समेत दो ठिकानों पर निगरानी का छापा, 2 लाख अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप
पटना। निलंबित डीटीओ अजय ठाकुर के ऊपर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अपना शिकंजा कस दिया है। बुधवार को पटना में इनके दो ठिकानों पर छापेमारी की गई। राजधानी के एसके पुरी थाना क्षेत्र के सरदार पटेल पथ स्थित हरि राधा अपार्टमेंट के सी-303 में, जहां अजय ठाकुर अपने परिवार के साथ रहते हैं। निगरानी की एक टीम इस फ्लैट को खंगाल रही है। जबकि निगरानी की दूसरी टीम पटना में ही इनके एक और घर को खंगालने गई है। शुरूआती तौर पर निलंबित डीटीओ अजय ठाकुर के ठिकाने से अब तक कुछ खास हाथ नहीं लगा है। उम्मीद की जा रही है कि शाम तक निगरानी टीम के हाथ कुछ बड़ा हाथ लग सकता है।
डीएसपी की अगुवाई में सर्च अभियान
अजय ठाकुर के खिलाफ निगरानी थाना में आय से अधिक संपत्ति की एफआईआर दर्ज हो चुकी है। इन पर काली कमाई के जरिए सरकारी आय से 92 लाख रुपए की अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। निगरानी मुख्यालय के अनुसार, डीएसपी की अगुवाई में इनके ठिकानों को सर्च किया जा रहा है। भ्रष्टाचार में लिप्त रहने और अपने पद का दुरुपयोग करने की वजह से राज्य सरकार ने इन्हें सस्पेंड कर दिया था। अजय ठाकुर जहानाबाद और उससे पहले पटना में डीटीओ रह चुके हैं।
2019 में लगा था गंभीर आरोप
2019 में भी इनके ऊपर गंभीर आरोप लगा था। उस वक्त ये पटना के डीटीओ थे। इन्होंने केंद्रीय परिवहन मंत्रालय के आदेशों की अनदेखी करते हुए बीएस-3 और 4 गाड़ियों का बैकलॉग के जरिए रजिस्ट्रेशन किया था। इस मामले के सामने आने के बाद इनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, पर अजय ठाकुर ने सरकार के सवालों का जवाब देना भी मुनासिब नहीं समझा था। इसके बाद इन्हें सस्पेंड कर दिया गया। उस दौरान इनकी पोस्टिंग जहानाबाद में थी। उस मामले के बाद से ही सरकार के आदेश पर इनकी काली कमाई और किए गए भ्रष्टाचार के मामलों को पता की जा रही थी।


