February 25, 2026

PATNA : पटना साइंस कॉलेज के छात्रावास में रैगिंग; जूनियर छात्रों को डांस करवाया, विरोध करने पर पीटा, 9 छात्र निष्कासित

पटना। पटना साइंस कॉलेज के फैराडे छात्रावास में रैगिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रावास में 15 फरवरी की रात्रि में बीएससी पार्ट वन के गणित ऑनर्स के छात्र से डांस कराया और विरोध करने पर मारपीट की। छात्र के पिता ने यूजीसी एंटी रैगिंग सेल में शिकायत करते हुए नौ सीनियर छात्रों पर आरोप लगाए हैं। यूजीसी ने कॉलेज प्रशासन को पत्र लिखा, तब इस मामले का खुलासा हुआ। यूजीसी ने इस घटना की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। शुरुआती जांच के बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपित 9 छात्रों को छात्रावास से निष्कासित कर दिया है। अभी जांच जारी है। जांच में दोषी पाए जाने पर इन सभी के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपितों में आजाद आलम, इरफान अली, यूसुफ हुसैन, नवनीत कुमार, अमरजीत कुमार, अब्दुला फैजल, शशि रंजन, विवेकानंद झा और रोहित सिंह के नाम शामिल हैं। फैराडे छात्रावास के अधीक्षक संदीप गर्ग को पत्र लिखकर कॉलेज प्रशासन ने इन्हें निकालने और अपने स्तर से भी जांच कराने का आदेश दिया है।

वही घटना के बाद पीड़ित छात्र कमरा छोड़कर सीधे अपने घर आरा चला गया। इसके बाद इसके पिता ने सीधे यूजीसी के एंटी रैगिंग हेल्प लाइन सेंटर में फोन कर शिकायत कर घटना की पूरी जानकारी उपलब्ध करा दी। छात्र ने आरोप लगाया कि सीनियर छात्रों ने पहले डांस करने को कहा। अभद्रता की। इसका विरोध किया तो मारपीट की। यूजीसी से पत्र प्राप्त होने के बाद कॉलेज ने अपने स्तर से जांच करायी। इसमें पता चला कि 9 छात्रों ने मिलकर पार्ट वन के छात्र के साथ रैगिंग की थी। पार्ट वन के छात्र को कमरा नंबर 45 एलॉट किया गया था।

हालांकि इससे पहले इस कमरे में रहने वाले सीनियर छात्र इसे छोड़ने की बात कई बार कह चुके थे। पर जूनियर छात्र कमरा नहीं छोड़ रहा था। इसके बाद ही पार्ट वन के छात्र के साथ कमरा नंवर 45 में 15 फरवरी की देर रात तक रैगिंग की गयी थी। साइंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एसआर पद्मदेव ने कहा की यूजीसी से पत्र प्राप्त होने के बाद पीड़ित छात्र के पिता से बात भी हुई। पीड़ित छात्र से जानकारी प्राप्त कर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। इस घटना में शामिल कुछ छात्रों को पकड़ा गया है। उन्हें छात्रावास से हटाने का आदेश दिया गया है। पूरे मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed