मृतक ले रहे वृद्धा पेंशन का लाभ : लोगों की हो रही सूची तैयार, BDO बोले- पेंशन बंद कराने की प्रकिया होगी शुरू
फतुहा। पटना के फतुहा प्रखंड में मृतकों के खाते में वृद्धा पेंशन की राशि जमा होने का मामला उजागर होने के बाद प्रखंड कार्यालय सख्ती के मूड में आ गया है। अब प्रखंड कार्यालय के कर्मी वैसे लोगों की भी सूची तैयार करने में जुटी है, जो प्रखंड क्षेत्र से पलायन कर गये हैं और वृद्धा पेंशन का लाभ उठा रहे हैं।
बीडीओ धर्मवीर कुमार ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के भी सैकड़ों ऐसे लोग हैं जो प्रखंड क्षेत्र से पलायन कर गये हैं, लेकिन उनका पेंशन जारी है। उन्होंने बताया कि पलायन करने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। सूची तैयार होते ही उनका सत्यापन करा पेंशन बंद कराने की प्रकिया शुरू कर दी जाएगी।
उन्होंने पेंशन प्राप्त करने वाले आवेदकों को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सही उम्र वाले हीं पेंशन के लिए आवेदन करें। फर्जी दस्तावेज पेश करने वालों पर कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही। वहीं बीडीओ ने कन्या विवाह योजना व कुष्ठ निवारण योजना के तहत भी मिलने वाली राशि के लिए सही दस्तावेज पेश कर प्रखंड कार्यालय में आवेदन देने की अपील की है। यदि किसी परिवार की मुखिया की मृत्यु हो गई है तो ऐसे आवेदकों से भी पारिवारिक लाभ के तहत आवेदन देने की अपील की है।


