February 16, 2026

समस्तीपुर में बोले प्रशांत किशोर, कहा- मुझे बीजेपी की बी टीम कहने वाले मेरी तरह सडकों पर क्यों नही निकलते

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिलें में जारी प्रशांत किशोर की जन सुराज पदयात्रा खजूरी गांव पहुंची है। लोगों ने मशहूर चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। किशोर ने राजकीय हर्षित उच्च विद्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए बीजेपी और जेडीयू के नेताओं पर तीखा हमला किया। कहा कि हम नौ महीने से ये बात सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी पार्टी की बी टीम हैं और उस पार्टी वाले की हिम्मत ही नहीं है कि रोड पर चले और मैं नौ महीने से रोड पर चल रहा हूं। भाजपा वाले कह रहे हैं कि हम जदयू के लिए, तो जदयू वाले भाजपा की बी टीम बता रहे हैं। पहले तो वे आपस में ही तय कर लें कि हम किसकी बी टीम हैं। जनता निर्णय ले कि हम अपना घर-परिवार छोड़कर, सुख-सविधा, ऐशो-आराम छोड़कर नौ महीने से लगातार गांव-गांव पैदल चल रहे हैं, किसी की बी टीम के लिए नहीं। प्रशांत किशोर ने बिहार के नेताओं की जनता से जुड़े होने के दावों की पोल खोलते हुए समस्तीपुर के सरायरंजन में कहा कि बिहार के नेताओं ने अपना दिमाग ताखा पर रख दिया है। ए टीम, बी टीम करके नेताओं ने पूरे बिहार और बिहार की शिक्षा को बर्बाद कर दिया है। जब आपको अपने बच्चों की चिंता नहीं है, तो भोगिए। हमको बी टीम कहिए, सी टीम कहिए, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। हमको यहां आकर कोई पैसा नहीं कमाना है और न हमें, यहां नेतागिरी करनी है। बिहार का नेता कोई जीवन में क्या पाएगा, जो हमने 10 साल की राजनीति में हासिल किया है। हमें ए टीम और बी टीम बनने की क्या जरूरत है। ऐसा कोई भी विधायक नहीं है जो दो-दो बार जीते हैं, जिनके बाप-दादा पूर्व विधायक, मंत्री हैं, जनता की खोज खबर लेने के लिए आए हों। अगर आप उनकी बात सुन रहे हैं तो भोगिए। मैं तो बस अपना काम कर रहा हूं, जो मैं समझता हूं। जो बिहार के लिए जरूरी है, मैं वही कर रहा हूं। आप समझिए, आपके बच्चे सरकारी स्कूल में पढ़ रहे हैं और विधायकों के बच्चे बाहर के बड़े-बड़े स्कूलो में पढ़ रहे हैं। बिहार के लोगों को सजग होने की जरूरत है।

You may have missed