February 20, 2026

PM की सुरक्षा चूक का मामला राजनीति से परे, सभी राजनीतिक दल एकजुट होकर निष्पक्ष जांच की मांग करे : कांग्रेस

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक अमिता भूषण ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री कोई व्यक्ति नहीं बल्कि एक संस्था होता है, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पूर्णत: केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन होती है। ऐसी किसी भी सुरक्षा चूक के लिए देश के गृहमंत्री को अपनी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जबकि भाजपा की सरकार और स्वयं गृहमंत्री अपनी गलतियों का ठीकरा पंजाब के दलित कांग्रेसी मुख्यमंत्री पर फोड़ने का असफल प्रयास करते दिख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास की यह एक ऐसी घटना है, जो एक साथ लोकतंत्र, सत्ताधारी दल और गृह मंत्रालय की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा चूक का मामला राजनीति से परे विषय है। जहां देश की हर राजनीतिक पार्टी को एकजुट होकर इसके निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए, न कि किसी गंभीरतम मामले को भी हस परिहास में तब्दील कर देनी चाहिए।
अमिता भूषण ने कहा कि राजनीतिक दलों को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के आचरण और व्यवहार से सीख लेनी चाहिए, जिन्होंने इस गंभीर चूक पर प्रथमदृष्टया जानकारी मिलते ही अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री से रिपोर्ट मांगी। ऐसी चूकों का खामियाजा देश और कांग्रेस पार्टी पूर्व में भुगत चुकी है, जब हमारे दो दो प्रधानमंत्री को शहादत देनी पड़ी। हमारी मांग है कि इस विषय में गृह मंत्रालय अपनी जिम्मेदारी तय करे और दोषियों की शिनाख्त करे ताकि इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना दुबारा न हो।

You may have missed