अरवल में बारातियों से भरी पिकअप दुर्घटना का शिकार; 5 वर्षीय मासूम समेत दो की मौत, 14 घायल

अरवल। बिहार के अरवल जिला में बुधवार की सुबह बारातियों से भरी एक पिकअप वैन दर्दनाक सड़क हादसे की शिकार हो गई। इस हादसे में वैन सवार दो किशोर की मौत हो गई, जबकि 14 बाराती जख्मी हो गए। घायलों में अधिकांश बच्चे-बच्चियां हैं। सभी लोग पिकअप वैन पर सवार होकर औरंगाबाद जिले के देवकुंड सूर्य मंदिर में शादी संपन्न होने के बाद घर लौट रहे थे। अरवल के करपी प्रखंड में एसएच-68 पर पिकअप पलट गई। घायलों में कई महिलाएं भी शामिल हैं। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। डायल 112 नंबर की पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी को करपी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के क्रम में दूसरे किशोर राजीव की भी मौत हो गई। सात वर्षीय कोमल कुमारी व 48 वर्षीय सिद्धि पासवान को गंभीर स्थिति देखते हुए पटना रेफर किया गया है। मृतक सूरज कुमार (5 वर्ष) दूल्हे का चचेरे भांजा है। मंगलवार की रात औरंगाबाद जिले के शमशेर नगर से लड़की पक्ष और अरवल जिले के कुर्था प्रखंड के कोदमरई गांव से लड़का पक्ष देवकुंड मंदिर पहुंचे थे। राज किशोर पासवान की शादी थी। यह हादसा चैनपुर मोड़ के पास हुआ। यहां तीखा मोड़ है। रफ्तार तेज होने के कारण वैन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। वैन पर दो दर्जन बाराती सवार थे, जिनमें कई चोटिल भी हुए हैं। घटना की सूचना पर मृतकों व घायलों के स्वजन अस्पताल पहुंचे। सभी लोग अरवल के कुर्था प्रखंड के कोरमोरिया गांव के बताए जा रहे हैं।

You may have missed