November 20, 2025

सांसद प्रिंस राज की जमानत रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में दायर हुई याचिका, हाईकोर्ट ने तलब किया जवाब

बिहार। बिहार राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और समस्तीपुर सांसद प्रिंस राज की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही है। रेप के मामले में फंसे प्रिंस राज को दिल्ली के जिला कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत दिए जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी है। जिसके बाद हाईकोर्ट ने प्रिंस राज को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है कि क्यों नहीं उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी जाये। जानकारी के अनुसार, प्रिंस राज को अग्रिम जमानत के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाली वही महिला है जिसने प्रिंस पर रेप का आरोप लगाया है। वही याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस योगेश खन्ना की बेंच ने प्रिंस राज से जवाब मांगा है।

जानकारी के अनुसार, एक महीने पहले प्रिंस राज को दिल्ली की एक अदालत ने दुष्कर्म के आरोप के इस मामले में अग्रिम जमानत दे दी थी। सांसद प्रिंस राज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। प्रिंस राज ने अपनी अर्जी में कहा था कि रेप का आरोप लगाने वाली महिला प्रिंस राज से पैसे की उगाही कर रही थी और उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। बता दे की दिल्ली की एक महिला ने प्रिंस राज पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। महिला ने आरोप लगाया है कि वह LJP की कार्यकर्ता है और प्रिंस राज ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया था।

You may have missed