नीतीश कुमार विपक्षी महागठबंधन के सूत्रधार, नाराजगी की ख़बर सरासर गलत : ललन सिंह
- ललन सिंह ने एनडीए की बैठक पर कसा तंज, बोले- सूत्रधार कभी नाराज नहीं होते, सुशील मोदी छपास रोग से ग्रस्त हैं
पटना। विपक्षी एकता की बैठक के बाद नीतीश कुमार की नाराजगी के सवाल पर ललन सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। बुधवार को उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार नाराज नहीं है। नीतीश कुमार विपक्षी एकता के सूत्रधार हैं और सूत्रधार कभी नाराज नहीं होते हैं। INDIA नाम पर आपत्ति के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह नाम सबकी सहमति से तय हुआ है। ललन सिंह ने कहा कि देश में पिछले कई दिनों में कई तरह के दुष्प्रचार किए जा रहे हैं। कभी ऐसा दुष्प्रचार किया गया कि जदयू टूट रही है। फिर हुआ की जनता दल यू और आरजेडी में खटपट है। अब ये कहा जा रहा है कि नीतीश कुमार नाराज हैं। लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है। INDIA सबकी सहमति से नाम तय हुआ है। ललन सिंह ने सुशील मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुशील मोदी छपास रोग से ग्रस्त हैं। उनको कहने दीजिए। मोदी जी का एक वीडियो मैंने देखा, इसमें वह कह रहे हैं कि वोट फॉर इंडिया तो अब मोदी जी विपक्ष की एकता के लिए वोट मांग रहे हैं।
हताशा में बुलाई गई एनडीए की बैठक
एनडीए की बैठक पर चर्चा करते हुए ललन सिंह ने कहा कि मैं भी 5 साल एनडीए में रहा लेकिन आज तक कभी नहीं देखा कि एनडीए की बैठक हुई। आखिर नरेंद्र मोदी को एनडीए की बैठक बुलाने की चिंता हुई। हताशा और निराशा के कारण बैठक बुलाई गई। सीएम नीतीश कुमार संयोजक बनाए जाने पर कहा है कि अभी कुछ तय नहीं हुआ है। मुंबई में तय होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाराज नहीं है। नाराजगी की ख़बर सरासर गलत है। नीतीश कुमार महागठबंधन के सूत्रधार हैं और रहेंगे।


