February 22, 2026

बिहार के चार जिलों में NIA की कार्रवाई, नक्सेलियों के कई ठिकानों पर छापेमारी

पटना। आज सुबह नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए ने नवादा, गया, औरंगाबाद और जहानाबाद में एक साथ छापा मारा। अलग-अलग जिलों में नक्सलियों के ठिकानों पर हुई इस छापेमारी को काफी गोपनीय रखा गया था। जिले के एसपी तक को शुरू में नहीं पता था कि कौन सी एजेंसी छापेमारी कर रही है। नवादा के सिरदला में नक्सली कमांडर प्रद्युम्न शर्मा के सहयोगी सहदेव यादव के घर केंद्रीय एजेंसी NIA ने छापेमारी की है। टीम ने सिरदला के संपत बिगहा गांव में छापा मारा है। चार घंटे तक अधिकारियों ने घर को खंगाला। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर रजौली एसडीपीओ संजय पांडेय समेत सिरदला, रजौली, मेसकौर थाना की पुलिस मौजूद रही। बता दें कि, हार्डकोर नक्सली सहदेव यादव पर कई मामले दर्ज हैं। खरौंध टोला के सहदेव यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2008 में जमुनिया गांव में लालो यादव के घर को डाइनमाइट से उड़ा दिया गया था। इसके पीछे सहदेव यादव का हाथ बताया जाता है।

वही जहानाबाद में दो जगहों पर केंद्रीय टीम की छापेमारी की खबर मिल रही है। हुलासगंज थाना के रुस्तमपुर में कुख्यात नक्सली प्रद्युम्न शर्मा और मोकिनपुर में पैक्स अध्यक्ष विकास शर्मा के ठिकानों पर सुबह से ही छापेमारी चल रही है। बताया जा रहा है कि यह मामला नक्सलियों को हथियार आपूर्ति करने से जुड़ा हो सकता है। इसके पहले भी जहानाबाद में नक्सली परशुराम सिंह के ठिकानों पर एनआइए की टीम छापेमारी कर चुकी है।

You may have missed