खबरें बाढ़ की : सांसद ने की अनुशंसा, एसडीएम ने किया घाट का निरीक्षण, दो पक्षों में जमकर मारपीट, दो ट्रैक्टर जप्त
ट्रेनों के ठहराव की पुनर्बहाली के लिए सांसद ने की अनुशंसा
बाढ़। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुंगेर लोकसभा सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने संसदीय क्षेत्र के दानापुर रेल मंडल अंतर्गत अथमलगोला स्टेशन पर कोरोना काल से पूर्व रूक रही ट्रेन संख्या 18625/18626 कोशी एक्सप्रेस, 13235/13236 साहिबगंज दानापुर इंटरसिटी, 13287/13288 दक्षिण बिहार एक्सप्रेस और 18622/21 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का ठहराव पुनर्बहाल करने के लिए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से लिखित अनुशंसा की है।
इस आशय की जानकारी देते हुए बिहार रेल दैनिक यात्री संघ शाखा अथमलगोला के सदस्य निरंजन कुमार सिंह ने कहा कि हमलोग सांसद से लगातार संपर्क में थे और आवेदन द्वारा उन्हें अथमलगोला स्टेशन पर कोरोना काल से पूर्व रूक रही उपयुक्त ट्रेनों के ठहराव हेतु अवगत कराया था कि उपयुक्त ट्रेनों का ठहराव हट जाने से हजारों आम व दैनिक यात्रियों को घोर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने जनहित के इस मसले पर संजीदगी दिखाते हुए रेलमंत्री से लिखित अनुशंसा की है। वहीं संघ के समस्त सदस्यों ने क्षेत्रीय सांसद ललन सिंह का जनहित के इस कार्य के प्रति आभार प्रकट किया है।

माघी पूर्णिमा मेला को लेकर एसडीएम ने किया गंगा घाट का निरीक्षण
बाढ़। आगामी 16 फरवरी को बाढ़ के उत्तरवाहिनी गंगा घाट पर प्रतिवर्ष लगने वाला विशाल माघी पूर्णिमा मेला को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। बाढ़ एसडीएम सुमित कुमार ने उप समाहर्ता भूमि सुधार अनिल कुमार आर्य, बाढ़ नगर अध्यक्ष राजीव कुमार चुन्ना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के साथ उमानाथ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को अतिक्रमण हटाए जाने का भी अल्टीमेटम दिया गया, साथ ही उमा नाथ मेला में श्रद्धालुओं से गलत तरीके से पैसा वसूली करने वाले लोगों को भी सचेत करते हुए नसीहत दी गई। वहीं मेला के दिन गंगा नहीं में नौका परिचालन पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है।
बता दें माघी पूर्णिमा के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाढ़ उमानाथ गंगा स्नान करने आते हैं, जहां पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग जाती है और पूरे दिन यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ता है। लोग पुरानी परंपरा भूत खेली का भी जमकर प्रदर्शन करते हैं। इस बार ज्यादा संख्या में श्रद्धालु के पहुंचने की अनुमान लोग जता रहे हैं।
पानी गिराने के मामले को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट
बाढ़। पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र के मलाही गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि गांव में नाली का पानी गिराने के चलते पहले दोनों पक्षों में कहा-सुनी हुई। बाद में बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट में तब्दील हो गयी। मारपीट में जख्मी शिवदयाल पासवान के साले ने आरोप लगाया है कि गांव के ही ललन पासवान के पूरे परिवार ने मिलकर शिवदयाल पासवान को मारपीट कर जख्मी कर दिया। मारपीट की घटना के बाद शिवदयाल पासवान के पक्ष में सैंकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और आरोपी को घर से बाहर निकालने की मांग करने लगे। इस बीच मौके पर बाढ़ थाने की पुलिस पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास करने लगी, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि अतिरिक्त बल के साथ बाढ़ एएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को शांत किया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि ललन पासवान का घर बना हुआ था और सामने वाली जमीन, जो शिवदयाल पासवान की थी, उसमें नाली का पानी गिरा रहे थे। इसको लेकर शिवदयाल पासवान पानी गिराने से मना करने गए थे। इसी बात को लेकर दोनों में बकझक हो गई। उसके बाद मारपीट के रूप में तब्दील हो गयी।
अवैध खनन मामले में दो बालू लदा ट्रैक्टर जप्त
बाढ़। अथमलगोला थाना पुलिस द्वारा द्वारा दो बालू लदा ट्रैक्टर जप्त किया गया है। इस संबंध में अथमलगोला थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने बताया कि राजपुरा से दो बालू लदा ट्रैक्टर जप्त किया गया। हालांकि पुलिस को आता देख ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। तत्पश्चात गाड़ी को जप्त कर थाना लाया गया। जहां विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी गई है। उन्होंने बताया कि अवैध बालू खनन करने वालों के विरुद्ध इस तरह की करवाई आगे भी जारी रहेगी।

