February 13, 2026

भांजा और मामी के प्यार का खौफनाक अंजाम : राह में बाधा बन रहे मामा की गला रेतकर हत्या, तीन गिरफ्तार

पटना। बीते 8 फरवरी की सुबह पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में आम के बगीचे के पास एक युवक की लाश मिली थी। पुलिस ने जब मामले की छानबीन की तो राज से पर्दा हट गया। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी की पहचान करने के साथ हत्या का खुलासा कर दिया।
बनाया खौफनाक प्लानिंग
दरअसल, भांजा और मामी के बीच प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों इस प्यार को शादी के अंजाम तक पहुंचना चाहते थे। इस बारे में मामी ने अपने पति को बताया, जिसका उसने विरोध किया था। इसके बाद मामी, भांजा और उसके दोस्त ने मिलकर एक खौफनाक प्लानिंग बनाई और शादी में दीवार बने मामा को रास्ते से ही हटा दिया। तीनों ने प्लानिंग की तहत मामा को पहले शराब पिलाई। फिर तेज धार वाले चाकू से गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी और मामला को छिपाने के लिए लाश को सुनसान इलाके में फेंक दिया।
सामने आई चौंकाने वाली बातें
पुलिस के अनुसार, सूरज फतुहा के मिर्जापुर नोहटा इलाके का रहने वाला है। उसकी पहचान तब हुई जब लाश की फोटो आसपास के थानों को भेजी गई। भाई ने उसकी पहचान की। तब पता चला कि सूरज अपनी पत्नी काजल देवी के साथ उसके मायके में गौरीचक के लक्ष्मीचक में रह रहा था। 6 फरवरी की शाम से ही वह लापता था। जब पुलिस ने अपनी पड़ताल आगे बढाई तब धीरे-धीरे चौंकाने वाली बातें सामने आने लगी। उसके बाद पुलिस ने सूरज की पत्नी को अपनी कस्टडी में लिया। थाने लाकर उससे पूछताछ की तो उसने भांजे आकाश कुमार और उसके दोस्त अजीत कुमार के नाम का खुलासा किया। फिर दोनों को गिरफ्तार किया गया। इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तेज धारदार चाकू को बरामद किया गया, जिसे घटना स्थल से काफी दूर फेंक दिया गया था।
पुलिस ने कहा- अवैध संबंध थे
पुलिस ने यह साफ किया है कि मामी और भांजे के बीच अवैध संबंध थे। हत्या की प्लानिंग एक सप्ताह से चल रही थी। दोस्त अजीत ने सात दिन पहले ही लोहार के पास से तेज धार वाला चाकू बनवाया था। 7 फरवरी की शाम फतेहपुर के आम के बगीचा में ही बैठकर तीनों ने शराब पी। जब मामा को नशा चढ़ गया तब आकाश और अजीत ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। अब कमला सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

You may have missed