म्यांमार के भयंकर भूकंप से 10 हजार से अधिक की करने की संभावना, अबतक 694 की पुष्टि, हजारों घायल

नई दिल्ली। म्यांमार में शुक्रवार को आए भूकंप में मौत का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा हो सकता है। यह आशंका यूनाइटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे ने जताई है। भूकंप के झटके थाईलैंड, बांग्लादेश, चीन और भारत तक महसूस किए गए। म्यांमार की सैन्य सरकार ने कम से कम 694 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि 1,670 लोग घायल हैं। उधर, थाईलैंड में 10 लोगों की मौत हुई है। इस तरह इस आपदा में अब तक 700 से ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। म्यांमार में शुक्रवार सुबह 11:50 बजे 7.7 तीव्रता का भूकंप आया। म्यांमार और थाईलैंड में यह 200 साल का सबसे बड़ा भूकंप है। भारी तबाही के चलते म्यांमार के 6 राज्यों और पूरे थाईलैंड में इमरजेंसी लगा दी गई है।
रेडक्रॉस को बिजली न होने से आ रही मुश्किलें
रेड क्रॉस ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की वजह से मांडले, सागाइंग और दक्षिणी शान राज्य तक पहुंचने की कोशिशों में जुटी उनकी टीमों को मुश्किलें आ रही हैं। रेड क्रॉस ने कहा कि उसे जो शुरुआती जानकारी मिली है, उसके मुताबिक भूकंप से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। फिलहाल वे मानवीय मदद को लेकर जानकारी जुटा रहे हैं। म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप में राहत और मदद के लिए रेड क्रॉस ने डेढ़ लाख डॉलर देने का वादा किया है। इस फंड का इस्तेमाल जरूरी चीजों जैसे भोजन, पानी, कंबल, तिरपाल, हाईजीन किट में होगा।
म्यांमार में भूकंप के बाद 14 और झटके
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद से म्यांमार में कम से कम 14 और झटके आए हैं। ज्यादातर 5 से कम तीव्रता वाले थे। सबसे शक्तिशाली 6.7 तीव्रता का झटका था जो बड़े भूकंप के लगभग 10 मिनट बाद आया।
थाईलैंड में इमारत के मलबे से 10 लोगों के शव निकाले गए
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भूकंप के बाद एक निर्माणाधीन इमारत गिर गई थी। इसमें से अब तक 10 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। बैंकॉक के डिप्टी गवर्नर ने बताया तीन निर्माणाधीन इमारतों से 101 लोग लापता हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प ने म्यांमार की मदद का ऐलान किया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका भूकंप से प्रभावित म्यांमार की मदद करेगा। ट्रम्प ने कहा कि म्यांमार में जो हुआ वह भयानक है। हमने पहले ही वहां बात कर ली है। जल्द ही मदद पहुंचेगी। वहीं, चीन ने म्यांमार में राहत कार्यों के लिए 37 सस्दयों की एक टीम भेजी है। इस टीम के पास भूकंप के चेतावनी देने वाला सिस्टम, ड्रोन समेत इमरजेंसी में बचाव के लिए जरूरी उपकरणों के 112 सेट हैं।
म्यांमार के छह राज्यों में इमरजेंसी लगाई गई
म्यांमार में भूकंप के बाद देश की सैन्य सरकार ने छह राज्यों में आपातकाल (इमरजेंसी) की स्थिति घोषित की। ये इलाके हैं: सगाइंग, मांडले, बागो, मागवे, शान राज्य (पूर्वी हिस्सा), और नेपीदा। सैन्य सरकार के नेता जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने बताया कि नेपीदा में 96 लोग, सागिंग में 18 और मांडले क्षेत्र के क्याक्से टाउनशिप में 30 लोग मारे गए हैं।
म्यांमार की सैन्य सरकार ने मदद मांगी
म्यांमार की सैन्य सरकार ने पहली बार भूकंप राहत कार्यों के लिए दुनियाभर से मदद की अपील की है। 2021 से काबिज सैन्य सरकार के दौर में 6.2 और 6.4 की तीव्रता के बड़े भूकंप यहां आ चुके हैं।
थाइलैंड में सभी एक लाख भारतीय पर्यटक सुरक्षित
थाइलैंड में सभी एक लाख भारतीय पर्यटक सुरक्षित हैं। विदेश मंत्रालय ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रभावितों की कुशलता की कामना कर मदद की पेशकश भी की। मोदी 3 अप्रैल को थाइलैंड में बिमस्टेक संगठन की बैठक में शामिल होंगे।
भारत ने 15 टन राहत सामग्री म्यांमार भेजी
भारतीय वायुसेना के सी130जे विमान ने हिंडन वायुसेना स्टेशन से म्यांमार के लिए उड़ान भरी। सूत्रों के मुताबिक भूकंप प्रभावित म्यांमार में भेजी जा रही 15 टन राहत सामग्री में टेंट, स्लीपिंग बैग, कंबल, खाने के लिए तैयार भोजन, वाटर प्यूरीफायर, सोलर लैंप, जनरेटर सेट और आवश्यक दवाएं शामिल हैं।
म्यांमार के मांडले शहर की इमारतें तबाह
म्यांमार में एतिहासिक शाही महल मांडले पैलेस के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, सागाइंग क्षेत्र के सागाइंग टाउनशिप में एक पुल भूकंप में पूरी तरह नष्ट हो गया। राजधानी नेपीता के अलावा क्यौकसे, प्यिन ऊ ल्विन और श्वेबो में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इन शहरों की आबादी 50 हजार से ज्यादा है।

You may have missed