चुनावी रंजिश में हत्या मामला : मृतक की पत्नी ने 13 लोगों के खिलाफ दर्ज करायी हत्या की प्राथमिकी
दुलहिन बाजार। शुक्रवार की रात पटना के दुलहिन बाजार थाना क्षेत्र के सब्जपुरा गांव में वार्ड सचिव के चुनाव को लेकर उत्पन्न चुनावी रंजिश के तहत दो पक्षों के बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दूसरा घायल को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। वहीं शनिवार को मृतक की पत्नी ने दुलहिन बाजार थाने में 13 लोगों के खिलाफ हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार दुलहिन बाजार थाना क्षेत्र के सब्जपुरा गांव में सुवास कुमार व प्रह्लाद सिंह के बीच पुरानी विवाद चल रही थी। वहीं वार्ड सचिव के चुनाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच चुनावी रंजिश उत्पन्न हो गयी। जिसके तहत देर शाम शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हो गई। जिसके दौरान गोली लगने से सब्जपुरा गांव निवासी रामदास सिंह के 45 वर्षीय पुत्र प्रह्लाद सिंह की मौत घटनास्थल पर हो गया। जबकि उसी गांव के उपेन्द्र सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अंकुर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दुलहिन बाजार पुलिस ने घायल को इलाज के लिए दुलहिन बाजार स्थित पीएचसी लाया। जहां से घायल अंकुर कुमार की गंभीर स्थिति को देख प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच भेज दिया। लेकिन परिजनों ने घायल को दानापुर सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां घायल का आईसीयू में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पालीगंज अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।


इस मामले में घायल अंकुर कुमार के भाई आलोक कुमार ने बताया कि सब्जपुरा गांव निवासी स्व. अभिराम सिंह की पत्नी मालती देवी विगत कई वर्षों से स्वतंत्रता सेनानी की विधवा चंद्रकली देवी की नाम पर अवैध रूप से पेंशन उठा रही है। जिसकी जांच के लिए पूर्व में ही घायल अंकुर कुमार की ओर से विभाग में शिकायत किया गया था। जिसको लेकर अंकुर कुमार व मालती देवी के पुत्र सुवास कुमार के बीच पुरानी विवाद चल रही थी। वहीं दुलहिन बाजार थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि घटना का मूल कारण पुराना विवाद है जबकि तत्कालीन कारण वार्ड सचिव को लेकर हुए चुनाव के दौरान रंजिश है। वहीं शनिवार को थाने में मृतक की पत्नी लीला देवी ने गांव के ही संजू कुमार सिंह सहित 13 लोगों के खिलाफ गोली मारकर हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ज्ञात हो कि मृतक प्रह्लाद सिंह फिलहाल भाजपा पार्टी के दुलहिन बाजार पूर्वी मंडल के किसान मोर्चा अध्यक्ष व घायल अंकुर कुमार उर्फ अंशु कुमार भाजपा के दुलहिन बाजार पूर्वी मंडल के महामंत्री थे।

