February 15, 2026

अनीता खुदकुशी मामला : मुख्य आरोपी राहुल राज 7 दिन बाद गिरफ्तार, किया था अंतरजातीय विवाह

फतुहा। अनीता खुदकुशी मामले में पुलिस ने आखिरकार मुख्य आरोपी राहुल राज उर्फ कन्हैया को घटना के आठवें दिन स्टेशन रोड स्थित कल्याण नाथ मंदिर के पास शनिवार को अहले सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की है। छापेमारी का नेतृत्व कर रहे एसआई ललित विजय ने बताया कि शनिवार को सुबह सूचना मिली कि वह फतुहा पहुंचा हुआ है तथा सुबह में किसी ट्रेन को पकड़कर भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस जैसे ही स्टेशन पर जाने के लिए कल्याण नाथ मंदिर के पास सादे ड्रेस में पहुंची तो देखा कि वह मोबाइल फोन पर किसी से बात करने में मशगूल है।
बीते 17 जुलाई को थाने के सामने गली में एक 24 वर्षीय युवती अनीता ने अपने प्रेमी से धोखा मिलने के बाद फंदे से झुलकर खुदकुशी कर ली थी। लोग इस युवती के खुदकुशी को साधारण बात समझ रहे थे। लेकिन युवती के फंदे से झुलने से पहले उसके द्वारा बनाई गई विडियो व सुसाइड नोट जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पूरे शहर में सनसनी फैल गई और आरोपी के खिलाफ आक्रोश उत्पन्न हो गई। उसके मौत के दूसरे दिन स्टेट हाइवे को घंटो जाम किया गया। उसकी गिरफ्तारी की मांग की गयी। पुलिस भी जब साक्ष्यों से अवगत हुई तो तत्काल उसके व उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी। विदित हो कि युवती ने अपने घर वालों के विरुद्ध मुहल्ले के ही आरोपी से अंतरजातीय विवाह किया था। लेकिन विवाह करने के बाद आरोपी उसे अपने साथ रखने से इंकार कर दिया। साथ ही उसके विडियो व फोटो को डीलिट करने के एवज में युवती से लाख रुपये ठग भी लिए। युवती द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने पर भी आरोपी उसे ठुकराता रहा और मरने के लिए प्रेरित करने लगा। यह बात युवती ने अपने अपलोड विडियो में भी कहा है और सुसाइड नोट में भी जिक्र किया है। पुलिस के मुताबिक शनिवार को ही सारी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

एक युवक को मैग्जीन वाली देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार


फतुहा। शनिवार को सुबह नदी थाना पुलिस ने एक युवक को मैग्जीन वाली देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह गिरफ्तारी सबलपुर स्थित सेंट्रल बैंक के पास से की है। गिरफ्तार युवक मूल रुप से सोनपुर के दियारा इलाके का रहने वाला जितेंद्र कुमार है। लेकिन इधर कुछ दिनों से वह सबलपुर में ही किराए के मकान में रह रहा था। नदी थाना प्रभारी धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक सबलपुर स्थित सेंट्रल बैंक के पास संदिग्ध स्थिति में काफी देर से मडरा रहा है। तत्काल पुलिस वहां पहुंची तथा उसे अपने घेरे में ले लिया। उनके अनुसार तलाशी लिए जाने पर देशी कट्टा बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक से उसके मंशा के बारे में पूछताछ कर रही है तथा उसके अपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।

You may have missed