12 बार वैक्सीन लेने वाले ब्रह्मदेव मंडल की धमकी से झुकी मधेपुरा पुलिस, SP ने कही बड़ी बात
मधेपुरा। कोरोना वैक्सीन की 12 डोज लेने वाले सेवानिवृत्त डाककर्मी ब्रह्मदेव मंडल के संबंध में पहली बार मधेपुरा SP राजेश कुमार ने प्रतिक्रिया दी है। 12 बार वैक्सीन लेकर सुर्खियों में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पुरैनी थाना क्षेत्र में उनके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। इसके बाद से पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और वो फरार हैं। वहीं, इस मामले में मधेपुरा सदर विधायक और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने ब्रह्मदेव मंडल की गिरफ्तार पर रोक की मांग की थी। SP राजेश कुमार ने कहा, ‘इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने FIR दर्ज कराया है। ब्रह्मदेव मंडल 84 वर्षीय बुजुर्ग हैं। आरोप है कि अलग-अलग पहचान पत्र और मोबाइल नंबर का सहारा लेकर कोरोना की 12 डोज ली है। जो स्वास्थ्य विभाग के नजर एक अपराध है। पुलिस मामले को दर्ज कर ली है। तमाम बिंदुओं पर पुलिस अनुसंधान करेगी। हमारे अनुसंधानकर्ता पूछताछ करेंगे कि आखिर किन परिस्थितियों में उन्होंने वैक्सीन ली और स्वास्थ्य विभाग को कैसे गुमराह किया है।

बता दें, FIR दर्ज होने के बाद मंडल ने आत्महत्या करने की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस बैकफुट पर है। SP राजेश कुमार ने कहा ब्रह्मदेव काफी वृद्ध व्यक्ति हैं। इसलिए पुलिस सहानुभूति के साथ उनसे पूछताछ करेगी। हम चाहेंगे कि वह जांच में सहयोग करें।’ वहीं, स्थानीय विधायक और पूर्व संसद द्वारा गिरफ़्तारी पर रोक लगाने की मांग के सम्बन्ध में उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने डिमांड की है। मैं इस सम्बन्ध में कुछ नहीं कहूंगा। पुलिस अपना काम करेगी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की भूमिका से संबंधित जांच के बारे में भी पुलिस जांच करेगी। वही मधेपुरा सदर राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर ने एसपी को आवेदन देकर ब्रह्मदेव मंडल की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी। वे इसकी प्रतिलिपि डीएम को भी दी थी।

