PATNA : दो पिकअप वैन पर टमाटर के बास्केट से 22 लाख रुपए की विदेशी शराब जब्त, एक सिंडीकेट टीम गिरफ्तार
फतुहा। पटना के फतुहा थाना पुलिस ने सोमवार अहले सुबह सुपनचक गांव के पास फोरलेन पर मद्धनिषेध विभाग की गुप्त सूचना पर दो पिकअप वैन पर लदे 22 लाख रुपए की विदेशी शराब जब्त किया है। साथ ही पुलिस ने पिकअप वैन के पीछे पीछे चल रही राघोपुर के प्रखंड प्रमुख की बोर्ड लगी स्कार्पियो व एक अलटो कार से शराब माफियाओं के एक सिंडीकेट टीम को गिरफ्तार किया है। जिसमें चार धनबाद (झारखंड) के तथा तीन जेठुली का शामिल है। दोनों पिकअप वैन पर टमाटर के बास्केट में विदेशी शराब को लाया जा रहा था। दोनों पिकअप वैन से अरुणाचल प्रदेश की बनी रायल प्लेयर ब्रांड की 258 कार्टून विदेशी शराब जब्त किया है।


धनबाद से लाया जा रहा था
एसआई ललित विजय ने बताया कि विदेशी शराब को झारखंड के धनबाद से लाया जा रहा था तथा नदी थाना क्षेत्र के जेठुली ले जाया जाना था। दोनों गाड़ी के पीछे शराब धंधेबाजों की भी गाड़ी चल रही थी। सभी गाड़ी फोरलेन सुपनचक पहुंच चुकी थी तथा थोड़ी देर में ही जेठुली पहुंचने वाले थे तभी मद्धनिषेध विभाग की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर सभी गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया।
इनकी हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार लोगों में जेठुली के विनय कुमार, आनंद भूषण उर्फ बबलू, संजीत चौधरी तथा धनबाद के भुली अम्बेडकर नगर निवासी सहेल अंसारी, महेंद्र कुमार दास, हीरा पुर धनबाद के दीपक कुमार तथा धनबाद के रामगंज निवासी विपिन पंडित शामिल है। विपिन पंडित व संजीत चौधरी पिकअप चालक है। बाकी लोग शराब माफियाओं का एक सिंडीकेट है।
258 कार्टून में कुल 1946 लीटर शराब
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आनन्द भूषण उर्फ बबलू के मोबाइल फोन से और भी शराब माफियाओं की संपर्क मिला है, जिसकी छानबीन की जा रही है। उनके मुताबिक कुछ महीने पहले रिफाइन तेल के साथ भी जब्त की गई शराब मामले में इसी शराब सिंडीकेट का हाथ सामने आया था। फिलवक्त पुलिस शराब माफियाओं की सिंडीकेट को खंगालने में जुटी है। 258 कार्टून में कुल 1946 लीटर शराब पाया गया है।

