बुधवार के बाद पटना आयेगें लालू यादव, जोरदार स्वागत करने की तैयारी में जुटा राजद

पटना। चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बुधवार के बाद बिहार पहुंच सकते हैं। झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद बिहार में उनके जोरदार स्वागत की तैयारी शुरू हो गई है। इस समय राजद नेताओं के चेहरे पर जबरदस्त उत्साह देखते बन रहा है। राजद नेताओं की मानें तो पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बिहार आने के बाद यहां की राजनीति करवट भी बदल सकती है। उनके आने की सूचना से विपक्षी दलों में अभी से बेचैनी नजर आने लगी हैं। लालू प्रसाद के वकील देवर्षि मंडल की ने कहा की मंगलवार या बुधवार को बेल बांड भरा जाएगा। इसके बाद निचली अदालत से उनकी रिहाई का आदेश जारी होगा। इसके बाद वह जेल से बाहर आ जाएंगे। इसकी कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वही जमानत मिलने से राजद के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं। हर कोई उनके बिहार आने की प्रतीक्षा कर रहा है। पार्टी की ओर से अभी तक स्वागत के लिए कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन राजद नेताओं की ओर से उनका स्वागत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पार्टी के तमाम नेता अपने स्तर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।

बता दे की जिस दिन लालू प्रसाद यादव को हाई कोर्ट से जमानत मिली, उसी दिन राजद ने दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया था। इसमें चौंकाने वाली बात यह रही कि खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्षों पुरानी अदावत भुलाकर राजद सुप्रीमो के घर रिश्तों को मजबूती देने पहुंच गए। नीतीश कुमार की इस पहल के कई मायने निकाले जा रहे हैं। राजद नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस पहल से काफी उत्साहित हैं। उन्हें बिहार की राजनीति बदलती नजर आ रही है। हालांकि अभी तक कोई खुलकर इस पर नहीं बोल रहा है। लेकिन हर किसी के मन में यह बात तैरने लगी है कि बिहार की राजनीति करवट बदल सकती है। राजनीति में कोई स्थाई दोस्त या दुश्मन नहीं होता है। इस बीच लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह कह रहे हैं कि आनेवाले दिनों में राजद सरकार बनाएगी।

जानकारी के अनुसार, 17 प्रकार की बीमारियों से जूझ रहे लालू प्रसाद यादव का इस समय दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा है। पहले रांची रिम्स में ही इलाज चल रहा था। लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद रिम्स के डाक्टरों ने उन्हें एम्स रेफर कर दिया था। लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाला के पांच मामलों में अबतक जमानत मिल चुकी है। यह सभी मामले झारखंड से जुड़े हैं। साथ ही रांची के डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ की अवैध निकासी का मामला सबसे बड़ा था। इसमें उन्हें पांच साल की सजा हुई थी। अब इसमें भी जमानत मिल चुकी है। जिसके बाद लालू प्रसाद यादव की परेशानियां अब पहले जैसी नहीं रह गई हैं। परेशानियों से उन्होंने काफी हद तक मुक्ति पा ली है। बिहार की राजनीति में पर्दे के पीछे से वह अब खुलकर बैटिंग करने के लिए तैयार दिखते हैं।

About Post Author

You may have missed