September 13, 2025

अनंत सिंह के गढ़ में ललन की दहाड़, कहा- खत्म कर दूंगा यहां से आतंक राज

बाढ़। बिहार के हॉट सीट बने मुंगेर लोकसभा में आज जदयू ने खुलकर शक्ति प्रदर्शन किया। मुंगेर लोकसभा से ताल ठोंकने का ऐलान कर चुके मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के पैतृक घर लदमा में ही खुले मंच से चुनौती दी गई। मंच पर बिहार सरकार के मंत्री व लोकसभा प्रत्याशी जदयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू प्रवक्ता नीरज सिंह, बाढ़ विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू और अनंत सिंह के जानी दुश्मन बने विवेका पहलवान एक साथ नजर आए। लदमा में नरमुंड महासभा कर अनंत सिंह को खुली चुनौती दी है।

हजारों की संख्या में उपस्थित मुंगेर लोकसभा के मतदाताओं को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने इशारों इशारों में बाहुबली विधायक अनंत सिंह को खुली चुनौती देते हुए कहा कि फिल्म अभी बाकी है, अगर सस्पेंस अभी ही खत्म हो जाएगा तो फिल्म में रह ही क्या जाएगा। आगे आगे देखते जाइए क्या होता है। पूरे रौ में दिखे ललन सिंह ने कहा कि नीतीश राज में आतंक राज और बाहुबल की कोई जगह नहीं है और मैं लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि बाढ़, मोकामा समेत पूरे मुंगेर लोकसभा में जो थोड़ी बहुत बची हुई आतंक है, उसे भी पूरी तरह से सफाया कर दूंगा।
बता दें कि इसके पूर्व 18 जनवरी को बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने अथमलगोला से एक बड़ी रोड शो का आयोजन कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करते हुए ललन सिंह को चुनौती दी थी और आज ललन सिंह ने अनंत सिंह के पोल खोलने के लिए लदमा में नरमुंड महासभा का आयोजन किया। इस आयोजन में पूरे मुंगेर लोकसभा से तकरीबन 10 से 12000 लोगों का जुटान हुआ।

You may have missed