पटना से अपहृत बच्चा लखीसराय में बरामद, आरोपी किराएदार भी गिरफ्तार

लखीसराय। लखीसराय पुलिस ने पटना से अपहृत बच्चे को पीरी बाजार स्थित पटेल नगर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने अपहरण के आरोपी को भी दबोच लिया। दोनों एक तबेले के बाहर खटिया पर सो रहे थे। लखीसराय पुलिस ने पटना पुलिस की सूचना पर शुक्रवार सुबह यह कार्रवाई की। आरोपी ने बुधवार को पटना के कुम्हरार स्थित नया टोला से 7 साल के क्रिसचेत कुमार का अपहरण किया था।

शुक्रवार दोपहर पटना पुलिस पीरी बाजार पहुंच गई है। आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी की पहचान कटिहार के प्राणपुर थाना क्षेत्र के महादेव नगर मलिया निवासी मनोज कुमार मंडल के रूप में हुई है। पीरी बाजार थानेदार ने बताया कि बुधवार को नया टोला तालाब कुम्हारर निवासी सुजीत कुमार यादव ने अपहरण की सूचना दी थी। उन्होंने अपने किराएदार मनोज मंडल पर अपहरण का आरोप लगाया था। इसके बाद पटना पुलिस को वैज्ञानिक अनुसंधान के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी मनोज मंडल बच्चे को लेकर बुधवार शाम सात बजे लखीसराय के किउल स्टेशन पर उतरा था और यही आसपास के इलाके में छिपा है। सूचना के आधार पर लखीसराय पुलिस ने छापेमारी कर बच्चे को बरामद कर लिया। आरोपी मनोज मंडल ने बच्चे को अपने रिश्तेदार के गांव में एक झोपड़ी (मवेशी का तबेला) में छिपाकर रखा था।

बुधवार को क्रिसचेत कुमार अपने घर के बाहर खेल रहा था। परिजनों को लगा कि कुछ देर में घर आ जाएगा। लेकिन काफी देर बीतने के बावजूद जब वह नहीं लौटा तो खोजबीन शुरू की। देर रात तक जब वह नहीं मिला तो पुलिस को मामले की सूचना दी। इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उनका किराएदार मनोज मंडल क्रिसचेत कुमार अपने साथ ले जाता दिखा। इसके बाद पुलिस ने टावर लोकेशन के आधार उसकी खोजबीन की।

आरोपी मनोज मंडल बार-बार अपना बयान बदल रहा है। उसका कहना है कि बच्चे से उसे काफी लगाव है। बच्चे घूमाने के लिए यहां लेकर चला आया। बच्चे के परिजनों के लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं।

About Post Author

You may have missed