October 24, 2026

जदयू सांसद का तेजस्वी पर हमला, ललन सिंह ने की ये टिप्पणी

पटना। जदयू सांसद ललन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर बुधवार को करारा प्रहार किया। ललन सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव किस बिल में छिपकर ट्वीट कर रहे हैं, इसकी जानकारी सार्वजनिक करें। बिहार की जनता जानना चाहती है कि संकट की घड़ी में तेजस्वी कहां हैं?

ललन सिंह ने आगे कहा कि जब भी संकट आता है तो तेजस्वी यादव गायब हो जाते हैं। जेडीयू नेता ने कहा कि बिहार में लॉकडाउन तमाम परिस्थितियों को देखकर ही लगाया गया है। मुख्यमंत्री पर सिर्फ आरोप लगा देने भर से कुछ नहीं होता है, बिहार की जनता आपको (तेजस्वी यादव) खोज रही है।

बता दें कि तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार की 15 मई तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा पर मंगलवार को तंज कसा था। तेजस्वी ने ट्वीट कर कहा था कि पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की व्यवस्था को लेकर जो टिप्पणी की है, उस पर सरकार को जवाब देना चाहिए। आखिर जंगलराज की दुहाई देने वाले अब कहां हैं।

तेजस्वी ने कहा कि 15 दिन से समूचा विपक्ष लॉकडाउन करने की मांग कर रहा था, तो नहीं किया गया। अब जब गांव-गांव, टोला-टोला संक्रमण फैल गया तब सरकार ने लॉकडाउन लगाया है।

लालू ने नीतीश सरकार पर साधा निशाना, कहां दुबके हैं जंगलराज चिल्लाने वाले

राजद सुप्रीमो लालू यादव ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पटना हाईकोर्ट की तल्ख टिप्पणियों का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। लालू के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मंगलवार को किए गए ट्वीट में कहा गया कि पटना हाईकोर्ट ने बिहार की पूरी स्वास्थ्य सेवा को सेना को सौंपने की बात कही है। लालू प्रसाद ने आरोप लगाया है कि महामारी में भी राज्य सरकार गंभीर और मानवीय नहीं है। सवाल किया है कि जंगलराज चिल्लाने वाले अब कहां दुबके हैं। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि कोई तो बिहार सरकार को नैतिकता, जवाबदेही, अंतरात्मा, कर्तव्यबोध सिखा दे।

You may have missed